संवाददाता: एमएस वर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी,उत्तरप्रदेश
लखनऊ: 4 घंटे के अंदर लॉकल लूटने वाले बदमाशों का हुआ एनकाउंटर
बैंक के 42 लॉकल लूटने वाले दो बदमाशों का एनकाउंटर
लखनऊ के इंडियन ओवरसीज बैंक के 42 लॉकर काटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। दोनों बदमाशों का एनकाउंटर 4 घंटे के अंदर किया।
पहला लखनऊ में रात साढ़े 12 बजे हुआ। दूसरा एनकाउंटर लखनऊ से 350 किलोमीटर दूर गाजीपुर के गहमर में मंगलवार तड़के साढ़े 4 बजे हुआ।
बैंक लूट में फरार चल रहे सोबिंद कुमार को लखनऊ में, जबकि सन्नी दयाल को गाजीपुर में मारा गिराया। दोनों बदमाशों को पुलिस ने घेरा तो फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों को दो-दो गोली लगी। दोनों बदमाशों ने अस्पताल में दम तोड़ा। दोनों बिहार के रहने वाले थे।शनिवार रात लखनऊ के चिनहट में इंडियन ओवरसीज बैंक की दीवार काटकर लुटेरे 42 लॉकर से गहने ले गए थे। राजधानी में हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। घटना में 7 बदमाशों के नाम सामने आए। अब तक 2 मारे जा चुके हैं। 3 गिरफ्तार हैं। दो फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।
सबसे पहले लखनऊ एनकाउंटर को पढ़िए-
JCP लॉ एंड ऑर्डर अमित वर्मा ने बताया- लखनऊ में सोमवार रात साढ़े 12 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिहार के असरगंज के रहने वाले सोबिंद कुमार को लौलाई के जलसेतु पर घेर लिया। पुलिस को देखते ही सोबिंद ने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी फायरिंग में पुलिस ने उसके पैर और पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही गिर गया। पुलिस उसे लोहिया अस्पताल ले आई। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोबिंद के खिलाफ 6 से अधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस ने सोबिंद के पास से पिस्टल, कारतूस, कार, जेवर बरामद की। हालांकि, कितना जेवर बरामद हुआ। पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है।
अब गाजीपुर एनकाउंटर की बात-
गाजीपुर SP इरज राजा ने बताया- गहमर इलाके में पुलिस देर रात में गश्त कर रही थी, तभी बिहार के मुंगेर का रहने वाला सन्नी दयाल बाइक से जा रहा था। पुलिस ने चेकिंग के लिए रोका तो बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की। बाइक चढ़ाने की कोशिश करते हुए बिहार बॉर्डर की ओर भागने लगा।
पुलिस की टीम ने पीछा किया। कुतुबपुर के पास मुठभेड़ हो गई। इसमें सन्नी को गोली लग गई। उसे CHC भदौरा ले जाया गया। प्राइमरी इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, सन्नी का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।पुलिस ने बताया कि सन्नी दयाल के पास से एक पिस्टल, छह खाली कारतूस 32 बोर, दो 32 बोर के जिंदा कारतूस, सोने के जेवर और 3.55 लाख रुपए बरामद हुए हैं।
24 घंटे में तीसरी मुठभेड़, 2 बदमाश अभी फरार
इस केस में 24 घंटे में 3 बार मुठभेड़ हुई। पहली मुठभेड़ सोमवार को हुई थी। पुलिस ने तीन बदमाश कैलाश, अरविंद और बलराम को एनकाउंटर में पकड़ा था। मुठभेड़ के दौरान एक के पैर में गोली मारी थी, जबकि कार सवार 4 बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए थे।
इसमें सोबिंद-सन्नी दयाल भी थे। अभी 2 बदमाश लखनऊ का विपिन वर्मा और बिहार का मिथुन फरार हैं। JCP लॉ एंड ऑर्डर अमित वर्मा ने बताया- दोनों बदमाशों की तलाश जारी है। दोनों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
लूटे हुए लॉकर4 घंटे तक बैंक में रहे थे बदमाश
बदमाश शनिवार रात चिनहट के इंडियन ओवरसीज बैंक की दीवार काटकर अंदर घुसे थे। 4 घंटे तक बैंक में रहे। करोड़ों की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए थे। चार बदमाश CCTV में दिखाई दिए थे। पुलिस ने मामले की जांच के लिए 6 टीमों का गठन किया था।
STF, क्राइम ब्रांच और पुलिस टीम ने CCTV में कैद बदमाशों की तलाश के लिए रविवार देर रात कई जगह दबिश दी। शहीद पथ और आसपास लगे 500 CCTV खंगाले। इसमें चार संदिग्ध बाइक पर आते-जाते दिखे थे।