जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने आम जनमानस की सुनी समस्याएं
चन्दगीराम मिश्रा
चकबंदी से सम्बंधित समस्याओं का जल्द निस्तारण कराया जाये:- मंगला प्रसाद सिंह
विवादों को यथा संभव बातचीत कर मामलों को सुलझाया जाये:- पुलिस अधीक्षक
शाहाबाद/ हरदोई: तहसील सभागार में आयोजित तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने लोगों की समस्याओं को सुना। जिलाधिकारी ने कहा कि वरासत व अंश निर्धारण के प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कराया जाये। अवैध कब्जे की शिकायत पर राजस्व विभाग व पुलिस की टीम तत्काल मौके पर जाये। चकरोड से अवैध कब्जे को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की जाये। आग लगने की घटनाओं में पात्रों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलाने की कार्रवाई में देरी न की जाये। चकबंदी से सम्बंधित समस्याओं का जल्द निस्तारण कराया जाये। पैमाइश की कार्रवाई निर्धारित समय सीमा में की जाये। पेंशन के प्रकरणों के निस्तारण में अनावश्यक विलम्ब न किया जाये। विधवा, वृद्धावस्था व दिव्यांग पेंशन के प्रकरणों के निस्तारण में देरी न की जाये। काश्तकार की कृषि भूमि पर अवैध कब्जे को तत्काल हटाया जाये। पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने कहा कि विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस टीम राजस्व टीम के साथ मौके पर जाये। यथा संभव बातचीत कर मामलों को सुलझाया जाये। जन सुनवाई के दौरान एक अजीबो गरीब मामला सामने आया। कहोरा गाँव के शिवरानी उर्फ़ संतोष कुमारी पत्नी शिवराम ने शिकायत की कि उसने पांच वर्ष पूर्व एक जमीन वेद प्रकाश से खरीदी थी। पाँच वर्ष बाद विक्रेता ने उसी जमीन पर स्टेट बैंक शाहाबाद से ऋण ले लिया और उसकी जमीन बंधक हो गयी। जिलाधिकारी ने तत्काल एलडीएम, सम्बंधित थाना इंचार्ज व लेखपाल को बैंक भेजा तथा पूरे मामले की जानकारी कर मामले का नियमानुसार निस्तारण कराने के निर्देश दिए। एलडीएम ने बैंक से वापस आकर जानकारी दी कि लोन 2014 में लिया गया था लेकिन इसे जब ऑनलाइन किया गया तब तक जमीन बिक चुकी थी। वेद प्रकाश के विरुद्ध वसूली के लिए आरसी जारी की गयी है। इस सम्बन्ध में पुलिस जाँच के भी निर्देश दिए गए।