अवैध कहकर विकास से दूरी और टैक्स वसूली पर भड़की जनता: वार्ड 20 हरिनगर में पक्की सड़क और मूलभूत सुविधाओं की मांग

स्थान भिलाई

 

हनु नायक

अवैध कहकर विकास से दूरी और टैक्स वसूली पर भड़की जनता: वार्ड 20 हरिनगर में पक्की सड़क और मूलभूत सुविधाओं की मांग।

 

 

भिलाई/चरोदा: नगर निगम भिलाई-चरोदा के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 20 (हरिनगर) के निवासी बुनियादी सुविधाओं के अभाव और नगर निगम के दोहरे रवैये से आक्रोशित हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उनके मकानों का नियमितीकरण हो चुका है और नगर निगम द्वारा उनसे नियमित रूप से गृह कर व अन्य टैक्स वसूले जा रहे हैं। इसके बावजूद जब सड़क, नाली और जल निकासी जैसी प्राथमिक सुविधाओं की मांग की जाती है, तो क्षेत्र को “अवैध कॉलोनी” बताकर पल्ला झाड़ लिया जाता है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम चरोदा की शहर सरकार के समक्ष तीखे सवाल खड़े करते हुए कहा कि यदि क्षेत्र अवैध है तो नगर निगम किस अधिकार से टैक्स वसूल रहा है? जनता का स्पष्ट कहना है कि यदि निगम टैक्स ले रहा है, तो उसे पक्की सड़क और नालियों का निर्माण कराना ही होगा।

बारिश के दिनों में सड़क की बदहाली पर व्यंग्य करते हुए निवासियों ने कहा कि वर्तमान में सड़क की हालत देखकर यह तय करना मुश्किल है कि यह रास्ता है या तालाब। यदि प्रशासन पक्की सड़क नहीं बना सकता, तो कम से कम इस मार्ग को मछली पालन के लिए ही घोषित कर दे।

नागरिकों की प्रमुख मांगें:

दोहरा रवैया बंद हो: टैक्स वसूली के बावजूद विकास कार्यों से वंचित रखने की नीति पर तुरंत रोक लगे।

पक्की सड़क का निर्माण: बारिश के कारण जलभराव और कीचड़ से बदहाल मुख्य मार्ग का तुरंत डामरीकरण/कॉन्क्रीटकरण कराया जाए।

नाली व बुनियादी ढांचा: जल निकासी के लिए उचित नालियों का निर्माण किया जाए ताकि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

हरिनगर की जनता ने चेतावनी दी है कि अब उन्हें खोखले आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहिए। यदि जल्द ही पक्की सड़क और मूलभूत सुविधाएं प्रदान नहीं की गईं, तो वार्डवासी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *