Etawah News: 307 के मुकदमे में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार, चौबिया पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
बसरेहर/इटावा संवाददाता। चौबिया थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 307 के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को चौबिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौबिया थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा अपराध संख्या 307 में वांछित विश्वनाथ पुत्र हजारीलाल और हरिओम पुत्र हजारीलाल, निवासी रम्पुरा, थाना चौबिया, जनपद इटावा, क्षेत्र से फरार होने की फिराक में चौपला बंबा, हिद्दपुरा के पास खड़े हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची और आसपास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए क्षेत्र से निकलने का प्रयास कर रहे थे।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और विभिन्न मुकदमों में वांछित चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
