*पिपली बुर्गी क्षेत्र में नक्सली पर्चे और बैनर लगाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार*

*गड़चिरोली :-* कुछ दिन पहले एटापल्ली तहसील के पिपली बुर्गी क्षेत्र में नक्सली बैनर और पर्चे लगाकर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम शिवा अनिल मिस्त्री (उम्र 25 वर्ष, निवासी तरुणनगर, तहसील पाखांजूर, छत्तीसगढ़) तथा रोहित रंजीत मलिक (उम्र 25 वर्ष, निवासी वटेली, तहसील एटापल्ली, जिला गड़चिरौली) हैं।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को पिपली बुर्गी थाना क्षेत्र से लगभग 5 किलोमीटर दूर जिजावंडी टोला गांव जाने वाले मार्ग के पहले एक दिशा-सूचक बोर्ड पर लाल रंग का कपड़े का बैनर बांधा गया था। इसके अलावा आसपास नक्सली पर्चे भी फेंके गए थे। दूसरे स्थान पर भी इसी प्रकार के बैनर और पर्चे पाए गए।
इन बैनरों और पर्चों में नक्सली संगठन का उल्लेख करते हुए एटापल्ली तहसील में कार्यरत खनन कंपनियों का विरोध किया गया था तथा ड्रोन सर्वेक्षण पर आपत्ति जताई गई थी। साथ ही लौह अयस्क खनन कंपनियों को सहयोग करने वाले स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को भी चेतावनी दी गई थी। पर्चों में जेएसडब्ल्यू, ओमसाई नेचुरल, सनफ्लॉवर आदि कंपनियों का उल्लेख कर उन्हें तत्काल काम बंद करने की धमकी दी गई थी।

बैनरों और पर्चों पर नक्सलियों का उल्लेख होने से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि बैनर और पर्चे लगाने वाले शिवा मिस्त्री और रोहित मलिक थे। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
*संवाददाता :- तिरुमलेश कंबलवार, गडचिरोली*
