Etawah News: हाईवे फूड प्लाजा में कार का शीशा तोड़कर जेवरात व नकदी चोरी करने वाला गिरफ्तार

#सैफई न्यूज

 

Etawah News: हाईवे फूड प्लाजा में कार का शीशा तोड़कर जेवरात व नकदी चोरी करने वाला गिरफ्तार

रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS

सैफई/इटावा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे स्थित फूड प्लाजा की पार्किंग में खड़ी कार का शीशा तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी करने के मामले में सैफई पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी, आभूषण के साथ एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये है।

पुलिस के मुताबिक फरीदाबाद सेक्टर-48 निवासी सारिका सिंह पत्नी अजय कुमार सिंह अपने परिवार के साथ बलिया से फरीदाबाद जा रही थीं। इसी दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 104 पर स्थित फूड प्लाजा में नाश्ता करने के लिए उन्होंने अपनी कार पार्क की। परिवार के साथ प्लाजा के अंदर जाने के बाद जब वापस लौटे तो कार का शीशा टूटा मिला। कार में रखे नकदी और जेवरात गायब थे। मामले में थाना सैफई में मुकदमा संख्या 123/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।

*चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली सूचना*

अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सैफई पुलिस रुकईया नहर पुल पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फूड प्लाजा की पार्किंग में कार का शीशा तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी करने वाला आरोपी अवैध असलहे के साथ उसरई पुलिया के पास कहीं जाने की फिराक में खड़ा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मनोज कुमार पुत्र जितेन्द्र बाबू निवासी ग्राम हैवरा, थाना सैफई, उम्र करीब 37 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

*बैग से बरामद हुए नकदी और आभूषण*

पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले। उसके बैग की तलाशी लेने पर 97,500 रुपये नकद, पीली धातु की गले की कंठी लॉकेट सहित, हाथ का कंगन, दो जोड़ी कान के टॉप्स लटकन सहित तथा सफेद धातु की दो पायल बरामद हुईं।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी अरविन्द दुबे उर्फ मोनू पुत्र रामऔतार निवासी ग्राम अमरसीपुर थाना सैफई के साथ मिलकर किलोमीटर 104 स्थित फूड प्लाजा की पार्किंग में खड़ी सफेद रंग की वैगनआर कार का पिछला शीशा तोड़कर उसमें रखे दो लेडीज पर्स चोरी किए थे। पर्स में नकदी, जेवरात के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस आदि दस्तावेज और दो मोबाइल फोन भी थे। पुलिस के अनुसार दोनों मोबाइल फोन को बंद कर नदी में फेंक दिया गया था।

पुलिस पूछताछ के आधार पर प्रकाश में आए आरोपी अरविन्द दुबे उर्फ मोनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।

*आरोपी के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज*

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मनोज कुमार के खिलाफ इटावा जिले के विभिन्न थानों में पूर्व से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट के प्रयास, लूट, अपहरण, आर्म्स एक्ट, आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2007 से वर्ष 2026 तक कुल 17 अभियोग दर्ज बताए गए हैं।

मामले में थाना सैफई में दर्ज मुकदमा संख्या 123/2026 में धारा 317(2) बीएनएस और धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।

*यह हुई बरामदगी*

पुलिस के अनुसार कुल बरामदगी का अनुमानित मूल्य करीब 14 लाख रुपये है। इसमें एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, 97,500 रुपये नकद, एक गले की कंठी लॉकेट सहित, एक हाथ का कंगन, दो कान के टॉप्स लटकन सहित तथा दो पायल शामिल हैं।

कार्रवाई में थाना सैफई के प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह राठी, उपनिरीक्षक राकेश कुमार, उपनिरीक्षक स्वदेश कुमार, आदित्य तोमर और अंजनी कुमार शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *