Etawah News: सहयोगी मित्र चैरिटेबल ट्रस्ट ने बिटिया के विवाह के लिए प्रदान की 31,501 रुपये की आर्थिक सहायता

Etawah News: सहयोगी मित्र चैरिटेबल ट्रस्ट ने बिटिया के विवाह के लिए प्रदान की 31,501 रुपये की आर्थिक सहायता

 

रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS

जसवंतनगर। सहयोगी मित्र चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित ‘बिटिया विवाह आर्थिक सहयोग योजना’ के अंतर्गत उपासना प्रजापति के विवाह के लिए 31,501 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सिसहाट रोड स्थित एक मैरिज होम में आयोजित कार्यक्रम में यह धनराशि उपासना की माता गीता देवी एवं पिता प्रमोद कुमार प्रजापति निवासी मोहन की मड़ैया को सौंपी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एड मणिशंकर गुप्ता ने कहा कि बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग करना समाज की एक बड़ी जिम्मेदारी है। सहयोगी मित्र चैरिटेबल ट्रस्ट जिस तरह जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में मदद कर रहा है, वह सराहनीय और अनुकरणीय पहल है। ऐसे सामाजिक कार्यों से समाज में परस्पर सहयोग और सेवा की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को इस तरह के पुनीत कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

विशिष्ट अतिथि समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने कहा कि बेटी का विवाह प्रत्येक माता-पिता के जीवन का महत्वपूर्ण अवसर होता है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इसकी जिम्मेदारी उठाना कई बार चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में सहयोगी मित्र चैरिटेबल ट्रस्ट की यह पहल सराहनीय है। समाजसेवा का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंद व्यक्ति के कठिन समय में उसके साथ खड़ा होना है। यदि समाज के लोग छोटी-छोटी धनराशि का नियमित सहयोग करें तो सामूहिक प्रयासों से किसी जरूरतमंद परिवार के चेहरे पर खुशियां लाई जा सकती हैं।

कार्यक्रम में सभासद प्रतिनिधि अनिरुद्ध मोनू दुबे ने कहा कि बेटियों के विवाह में सहयोग करना केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि एक परिवार की खुशियों में सहभागी बनने का माध्यम है। ट्रस्ट द्वारा मात्र 100 रुपये के मासिक अंशदान से इतनी बड़ी सामाजिक मुहिम संचालित करना प्रेरणादायक है। ऐसे प्रयासों से जरूरतमंद परिवारों को संबल मिलता है और समाज में सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलता है। सभासद प्रतिनिधि हेमू शाक्य एवं शिवशंकर प्रजापति भी मंचासीन रहे।

ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमित कुमार जोशी ने संस्था की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि ट्रस्ट द्वारा बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग सहित जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। कोई भी व्यक्ति इस मुहिम का हिस्सा बन सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिटिया विवाह आर्थिक सहयोग योजना का लाभ केवल ट्रस्ट के सदस्यों को ही दिया जाता है, जिसके लिए प्रतिमाह 100 रुपये का अंशदान अनिवार्य है। संस्था का उद्देश्य देशभर के लोगों को इस सेवा अभियान से जोड़कर सहयोग और सामाजिक सरोकार की भावना को आगे बढ़ाना है।

राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रितिक गुप्ता ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा अब तक 9 लाभार्थी सदस्यों को कुल 2,73,050 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत-सत्कार किया तथा कार्यक्रम में सहभागिता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मनोज यादव, विशाल प्रजापति, शेर सिंह राठौर, सुनीता देवी, पूनम, रेखा सहित करीब एक सैकड़ा सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *