बहराइच से शिवकुमार वर्मा की रिपोर्ट
अब क्यूआर कोड से बनवायें आयुष्मान कार्ड
आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष कियोस्क का शुभारंभ
बहराइच। सरकार के निर्देश पर 01 नवंबर से 31 दिसंबर तक आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत विशेष अभियान जिले में संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत महाराजा सुहेल देव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय, बहराइच में आने वाले पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की विशेष व्यवस्था की गई है। चिकित्सालय के आपातकालीन विभाग के निकट आयुष्मान कियोस्क स्थापित किया गया है, जहां पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा, जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों को कार्ड बनवाने में सुविधा मिल सकेगी।
उक्त कियोस्क का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) संजय खत्री एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार द्वारा फीता काटकर किया गया। प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) संजय खत्री ने कहा कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जोड़ना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। चिकित्सालय परिसर में आयुष्मान कियोस्क स्थापित होने से मरीजों एवं उनके तीमारदारों को कार्ड बनवाने में आसानी होगी तथा योजना का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।
