Etawah News: उत्साह, उमंग और खेल भावना के बीच संपन्न हुआ चौ. सुघर सिंह वर्ल्ड स्कूल का खेल सप्ताह

Etawah News: उत्साह, उमंग और खेल भावना के बीच संपन्न हुआ चौ. सुघर सिंह वर्ल्ड स्कूल का खेल सप्ताह

रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS

जसवंतनगर, इटावा। चौ. सुघर सिंह वर्ल्ड स्कूल, जसवंतनगर में बाल दिवस के अवसर पर आयोजित खेल सप्ताह का गुरुवार को उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ भव्य समापन हुआ। पूरे खेल सप्ताह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया तथा अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

 

खेल सप्ताह के अंतर्गत विद्यालय में हाउस-वाइज विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें बैडमिंटन, खो-खो, फ्लैट रेस, रिले रेस, सैक रेस, हर्डल रेस तथा टग ऑफ वॉर (रस्साकशी) प्रमुख रहीं। सभी हाउस के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। खेल मैदान में विद्यार्थियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का महत्व समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रबंधन सदस्य आरती यादव ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सहयोग की भावना विकसित होती है।

 

विद्यालय के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, क्योंकि खेल उनके सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. यादव भरत सिंह कानसिंह ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है।

 

समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

 

इस अवसर पर मनीष चौधरी, आस्था त्रिपाठी सहित विद्यालय का समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का समापन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *