फतेहपुर में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का आगाज, विधायक विकास गुप्ता ने खुद दवा खाकर दिया संदेश, 18 ई-रिक्शा से होगा जागरूकता अभियान

फतेहपुर में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का आगाज, विधायक विकास गुप्ता ने खुद दवा खाकर दिया संदेश, 18 ई-रिक्शा से होगा जागरूकता अभियान

 

फतेहपुर से सुनील गुप्ता की रिपोर्ट, TTN 24 न्यूज।

*फतेहपुर में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का आगाज,*

*विधायक विकास गुप्ता ने खुद दवा खाकर दिया संदेश,*

*18 ई-रिक्शा से होगा जागरूकता अभियान*

 

*7 दिसंबर तक चलेगा अभियान*

 

*11 ब्लॉकों में घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें, पात्र लोगों को अपने सामने खिलाई जाएगी दवा।*

 

फतेहपुर जनपद को फाइलेरिया यानी हाथीपांव जैसी गंभीर बीमारी से मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। गुरुवार को सरदार वल्लभभाई पटेल सभागार में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि विधायक विकास गुप्ता ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर अभियान की शुरुआत की और जनपदवासियों से भी दवा खाने की अपील की। खास बात यह है कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 18 ई-रिक्शा के जरिए गांवों और शहरी क्षेत्रों में माइकिंग कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। आखिर क्या है इस अभियान की पूरी तैयारी, देखिए यह रिपोर्ट।

 

फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के शुभारंभ के दौरान विधायक विकास गुप्ता ने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर दवा का सेवन करके इससे बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि दवा को लेकर किसी तरह का भ्रम न पालें और स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें। विधायक ने जनपदवासियों से अपील की कि सभी पात्र लोग स्वयं दवा खाएं और अपने परिवार के सदस्यों को भी दवा का सेवन कराएं।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यूबी सिंह ने बताया कि जनपद के 11 ब्लॉकों और शहरी क्षेत्र में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 7 दिसंबर तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर और निर्धारित बूथों पर पात्र लोगों को अपने सामने फाइलेरिया रोधी दवा खिलाएंगी। अभियान में अमौली, असोथर, धाता, देवमई, हसवा, खजुहा, खागा, तेलियानी, भिटौरा, विजयीपुर और नगर क्षेत्र को शामिल किया गया है।

वहीं, जनजागरूकता अभियान को गति देने के लिए पीसीआई इंडिया के सहयोग से 18 ई-रिक्शा मैदान में उतारे गए हैं। ये ई-रिक्शा अमौली, विजयीपुर, खागा और तेलियानी ब्लॉक में नौ दिनों तक माइकिंग के जरिए लोगों को जागरूक करेंगे, जबकि शहरी क्षेत्र में 14 दिनों तक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग का विशेष फोकस प्रवासी लोगों, पहले दवा लेने से इनकार करने वालों और अब तक कभी दवा नहीं खाने वाले लोगों पर रहेगा।

सीएमओ ने बताया कि दवा सेवन के बाद कुछ लोगों को चक्कर या उल्टी जैसी सामान्य प्रतिक्रियाएं हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है। परेशानी होने पर आशा कार्यकर्ता से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रैपिड रिस्पांस टीमें भी गठित की गई हैं।

 

कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. इश्तियाक अहमद, जिला मलेरिया अधिकारी कीर्ति रंजन, जिला विकास अधिकारी साधना दीक्षित, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और विश्व स्वास्थ्य संगठन, पीसीआई इंडिया एवं पाथ संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया।

 

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य जनपद के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक फाइलेरिया रोधी दवा पहुंचाना और शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित करना है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग का यह अभियान जनसहभागिता के दम पर फतेहपुर को फाइलेरिया मुक्त बनाने में कितना सफल होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *