पुनरीक्षण-2026 के तहत गोड्डा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची के प्रारूप का हुआ प्रकाशन, मतदाता अपने विवरण का अवश्य करें सत्यापन।
प्रखंड ठाकुरगंगटी
राजकुमार किशोर
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (Special Intensive Revision-2026) के तहत आज गोड्डा जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के प्रारूप (Draft Electoral Roll) का सफलतापूर्वक प्रकाशन कर दिया गया है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, गोड्डा श्री लोकेश मिश्रा ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रकाशित मतदाता सूची में अपना नाम, पता, आयु, फोटो तथा अन्य विवरणों का सावधानीपूर्वक मिलान अवश्य कर लें। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है, किसी प्रकार की त्रुटि है अथवा नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन की आवश्यकता है, तो निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित आवेदन प्रपत्र के माध्यम से दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करें।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन रूप में दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। इसलिए सभी मतदाता स्वयं अपना नाम जांचने के साथ-साथ अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम भी मतदाता सूची में सुनिश्चित करें तथा आवश्यकता होने पर समय पर दावा एवं आपत्ति दर्ज कराएं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) एवं बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निर्देशित किया है कि वे मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा दावा एवं आपत्ति से संबंधित सभी आवेदनों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन, गोड्डा ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
