बहराइच से शिव कुमार वर्मा की रिपोर्ट
*बहराइच: फ्रीजर में बेच रहे थे सड़ा छेना, खाद्य विभाग ने 125 किलो कराया नष्ट*
*बहराइच।* आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कैसरगंज तहसील क्षेत्र में बड़ी छापेमारी की।
सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. अमर सिंह वर्मा ने बताया कि मिलावटी मिठाइयों पर अंकुश लगाने के लिए दो टीमों ने जरवल रोड कैसरगंज, रिसिया बाजार और गम्भीरवा बाजार में छापा मारा।
जरवल रोड, तूफानी चौराहा स्थित बंगाली मिष्ठान भण्डार पर फ्रीजर में रखा कई दिन पुराना दूषित छेना-रसगुल्ला, लगभग 125 किलोग्राम मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। छापे के बाद जरवल रोड की बाजार बंद हो गई।
*टीम ने लिए कई नमूने:*
– कैसरगंज स्थित झगरू स्वीट शॉप से खोया का नमूना
– तहसील के पास बद्री स्वीट शॉप से दूध बर्फी व मिल्क केक का नमूना
– रिसिया बाजार स्थित विनायक इंटरप्राइजेज से छेना रसगुल्ला व गुलाबजामुन का नमूना
– गम्भीरवा बाजार स्थित यादव मिष्ठान भण्डार से दूध बर्फी व मिल्क केक, सुरेश स्वीट शॉप से पेड़े का नमूना
– शिवनगर में दुकान से दूध का नमूना
छापेमारी में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार शुक्ल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार श्रीवास्तव, आदित्य वर्मा, अजय कुमार सिंह, कृपा शंकर, विनय कुमार, अनूप सिंह और प्रीती वर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
