*संवाददाता :- डी एन शुक्ला*
*स्लग :- जिलाधिकारी ने सिरिसिया पंचायत में सहयोग शिविर का किया निरीक्षण*
*एंकर :-* राज्य सरकार के निर्देश पर जिले की विभिन्न पंचायतों में सहयोग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण, तरनजोत सिंह ने चनपटिया प्रखंड अंतर्गत सिरिसिया पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविर में अपनी समस्याओं के समाधान एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने पहुंचे ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याओं एवं प्राप्त आवेदनों की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने शिविर परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का बारी-बारी से निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व, पंचायती राज, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, कृषि, मनरेगा, आवास योजना, राशन कार्ड, पेंशन योजना सहित अन्य विभागों के काउंटरों पर उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहज, सुलभ एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। किसी भी लाभुक को अनावश्यक दौड़-धूप न करनी पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य शासन को गांव तक पहुंचाना है। सरकार चाहती है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और लोगों की समस्याओं का समाधान उनके पंचायत में ही हो जाए। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध तरीके से निपटारा करें और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें।
निरीक्षण के दौरान कई ग्रामीणों ने जमीन संबंधी मामलों, राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, आवास योजना और नल-जल योजना से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिस पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिविर केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोगों को वास्तविक लाभ पहुंचाने का माध्यम बनना चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे।
इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुजीत कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, चनपटिया, प्रणव कुमार गिरि सहित अन्य स्थानीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
