आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने मुख्य सेविका पर लगाए उत्पीड़न के आरोप, डीएम से लगाई न्याय की गुहार

सुनील गुप्ता फतेहपुर यूपी

 

*आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने मुख्य सेविका पर लगाए उत्पीड़न के आरोप, डीएम से लगाई न्याय की गुहार*

 

फतेहपुर। जिले के गाजीपुर विकासखंड के कठवारा द्वितीय आंगनबाड़ी केंद्र का मामला अब जिलाधिकारी के दरबार तक पहुंच गया है। केंद्र पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकत्री ऊषा देवी पत्नी दुर्गा प्रसाद ने मुख्य सेविका शारदा वर्मा पर उत्पीड़न और अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है। कार्यकत्री ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने और भयमुक्त होकर केंद्र संचालन का अवसर देने की मांग की है।

 

कार्यकत्री ऊषा देवी के मुताबिक, उन्होंने 19 जनवरी 2021 को मुख्य सेविका के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार और रुपये लेने से संबंधित शिकायत वीडियो क्लिप के साथ विभागीय कार्यालय में दी थी। इसके बाद तत्कालीन जिलाधिकारी के निर्देश पर विभागीय और विजिलेंस जांच कराई गई। कार्यकत्री का दावा है कि जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देश पर गाजीपुर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।

 

ऊषा देवी ने बताया कि 20 जनवरी 2026 को निदेशालय स्तर से कार्रवाई संबंधी आदेश जारी हुआ था। हालांकि, मुख्य सेविका शारदा वर्मा द्वारा इलाहाबाद उच्च न्यायालय से स्थगनादेश प्राप्त करने के बाद दोबारा परियोजना में योगदान करने संबंधी आदेश जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय पहुंचा।

 

आरोप है कि इसके बाद बाल विकास परियोजना अधिकारी बहुआ द्वारा क्षेत्रीय सुपरवाइजर से स्थलीय निरीक्षण कराने के बजाय फोन के आधार पर उनकी उपस्थिति और केंद्र संचालन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। साथ ही मानदेय रोकने की कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई है।

 

वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकत्री का कहना है कि वह नियमित रूप से केंद्र पर उपस्थित होकर विभागीय नियमों के अनुसार कार्य कर रही हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले में उपलब्ध अभिलेखों और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

 

अब देखना यह होगा कि जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद इस मामले में क्या कार्रवाई होती है और आंगनबाड़ी कार्यकत्री को कब न्याय मिल पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *