अग्नि सुरक्षा ऑडिट प्रमाण-पत्र के आवेदनों का 15 दिनों में होगा निपटारा
देरी और अवैध राशि की मांग पर व्हाट्सऐप से कर सकेंगे शिकायत, जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
श्यामल प्रतीक |रिपोर्टर
मोतिहारी। पूर्वी चम्पारण में अग्नि सुरक्षा ऑडिट प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की पहल की गई है। जिला अग्निशमन पदाधिकारी मो. आरिफुज्ज़मान ने बताया कि संबंधित आवेदनों का निष्पादन 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। निर्धारित अवधि के बाद भी आवेदन लंबित रहने पर आवेदक व्हाट्सऐप हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत कर सकेंगे।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आवेदकों की समस्याओं के समाधान और लंबित आवेदनों की निगरानी के लिए व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 9031852638 उपलब्ध कराया गया है। शिकायत के साथ संबंधित आवेदन का विवरण और उपलब्ध आवेदन संख्या साझा करनी होगी।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अग्नि सुरक्षा ऑडिट अथवा प्रमाण-पत्र जारी करने के बदले अवैध राशि की मांग, अनुचित लाभ लेने और पक्षपात को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। किसी पदाधिकारी या कर्मी द्वारा अवैध राशि मांगे जाने पर संबंधित व्यक्ति इसी हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकता है।
उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य अनावश्यक विलंब समाप्त करना, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना और व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से आम नागरिकों, अस्पतालों, होटलों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य संस्थानों को पारदर्शी और समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।
