Etawah News: रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 6.60 लाख की ठगी, फर्जी जॉइनिंग लेटर देने का आरोपी गिरफ्तार

Etawah News: रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 6.60 लाख की ठगी, फर्जी जॉइनिंग लेटर देने का आरोपी गिरफ्तार….

रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS

इटावा। जसवंतनगर पुलिस ने रेलवे में ग्रुप-डी की नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख 60 हजार रुपये लेने और कथित तौर पर फर्जी जॉइनिंग लेटर देने के मामले में आरोपी उपेंद्र कुमार शाक्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को आरोपी को उसके घर के पास से गिरफ्तार किया। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 223/2026 दर्ज है।

 

*छह महीने में नौकरी दिलाने का दिया था भरोसा*

रेलमंडी नई बस्ती, जसवंतनगर निवासी कृष्णकांत पुत्र देवरकी नंदन ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि वह शिक्षित बेरोजगार है। उसकी जान-पहचान के उपेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय दयाराम ने उसे रेलवे में ग्रुप-डी की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके एवज में आरोपी ने 6 लाख 60 हजार रुपये मांगे थे।

 

थाना प्रभारी कमल भाटी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने 14 दिसंबर 2020 से 13 दिसंबर 2021 के बीच अलग-अलग तारीखों में तीन लाख रुपये ऑनलाइन आरोपी के खाते में भेजे। इसके बाद 22 दिसंबर 2021 को दो गवाहों की मौजूदगी में 3 लाख 60 हजार रुपये नकद दिए गए। आरोप है कि आरोपी ने छह महीने के भीतर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया, लेकिन नौकरी नहीं मिली।

 

*जॉइनिंग लेटर लेकर प्रयागराज पहुंचा तो खुला मामला*

कृष्णकांत के आरोप के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2025 को उपेंद्र ने उसे जॉइनिंग लेटर दिया। इसके बाद 27 जनवरी 2026 को वह प्रयागराज स्थित संबंधित विभाग पहुंचा, जहां अधिकारियों ने जॉइनिंग लेटर को फर्जी बताया। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने कथित तौर पर चार महीने में रकम लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन शिकायतकर्ता को रुपये वापस नहीं मिले।

 

*न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा*

शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने थाना जसवंतनगर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर 5 मई 2026 को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायालय संख्या-दो, इटावा में प्रार्थना पत्र दिया।

पुलिस के मुताबिक, थानाध्यक्ष कमल भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 29 अक्टूबर को आरोपी उपेंद्र कुमार शाक्य को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *