पेड़ से लटका मिला 28 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप, पुलिस ने दो मोबाइल फोन कब्जे में लेकर शुरू की जांच
इसरार अहमद, जिला संवाददाता
अम्बेडकरनगर। जलालपुर क्षेत्र के नगपुर मुस्तफाबाद गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 28 वर्षीय रवि मौर्य का शव घर से कुछ दूरी पर पेड़ से वायर के सहारे लटका मिला। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर जुटे परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की असली वजह सामने लाने की मांग की। वहीं, पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या से जोड़कर जांच कर रही है।रवि मौर्य पुत्र पारस मौर्य का शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने युवक की मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए पुलिस से हर पहलू की गहनता से जांच करने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मौके से दो मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।बताया जाता है कि रवि दो भाइयों में बड़ा था और हरियाणा में नौकरी करता था। वह करीब तीन महीने पहले गांव लौटा था। उसके छोटे भाई के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात भी सामने आई है। युवक की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।इस संबंध में कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
