Etawah News: चौ. सुघर सिंह लॉ कॉलेज को बार काउंसिल ऑफ इंडिया की मान्यता, बीए एलएल.बी. और एलएल.बी. में प्रवेश प्रारंभ

 

Etawah News: चौ. सुघर सिंह लॉ कॉलेज को बार काउंसिल ऑफ इंडिया की मान्यता, बीए एलएल.बी. और एलएल.बी. में प्रवेश प्रारंभ

चौ. सुघर सिंह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में जुड़ा एक और नया अध्याय, कानून की पढ़ाई शुरू

रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS

जसवंतनगर, इटावा। शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहे चौ. सुघर सिंह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, जसवंतनगर के नाम एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। ग्रुप के अंतर्गत चौ. सुघर सिंह लॉ कॉलेज का शुभारंभ हो गया है। कॉलेज को बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) से मान्यता मिलने के बाद अब यहां विधि शिक्षा की पढ़ाई शुरू हो गई है। इससे इटावा एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में कानून की उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

लॉ कॉलेज के प्रारंभ, पाठ्यक्रम और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए संस्थान के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव एवं ग्रुप डायरेक्टर डॉ. संदीप पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान उन्होंने बताया कि चौ. सुघर सिंह लॉ कॉलेज छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर से संबद्ध है और बार काउंसिल ऑफ इंडिया की मान्यता प्राप्त होने के बाद विधि शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान ने एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है।

कॉलेज में वर्तमान में बीए एलएल.बी. पांच वर्षीय एकीकृत पाठ्यक्रम तथा एलएल.बी. तीन वर्षीय पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रारंभ हो चुके हैं। 12वीं कक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थी बीए एलएल.बी. में, जबकि स्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थी एलएल.बी. पाठ्यक्रम में प्रवेश ले सकते हैं।

प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने कहा कि चौ. सुघर सिंह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं रोजगारपरक उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। लॉ कॉलेज की शुरुआत इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विधि विषय का मजबूत शैक्षणिक आधार देने के साथ-साथ उनके व्यावसायिक एवं व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

ग्रुप डायरेक्टर डॉ. संदीप पांडेय ने बताया कि कॉलेज में विद्यार्थियों को विधि की सैद्धांतिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी प्रदान किया जाएगा। इसके लिए मूट कोर्ट गतिविधियों, कानूनी चर्चाओं, केस स्टडी, कानूनी तर्क एवं विश्लेषणात्मक क्षमता विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लॉ कॉलेज के प्रारंभ होने से इटावा और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को कानून की पढ़ाई के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि विधि शिक्षा प्राप्त करने के बाद विद्यार्थी अधिवक्ता, न्यायिक सेवा, विधिक सलाहकार, कॉर्पोरेट लॉ सहित कानून से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में करियर बना सकते हैं। कॉलेज का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक वातावरण में गुणवत्तापूर्ण और व्यावहारिक विधि शिक्षा प्रदान कर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रबंधन सदस्य अशांक हनी यादव, डॉ. रीमा मंडल, प्रदीप यादव, रविन्द्र सिंह, फ्रांसिस के. ए., आस्था त्रिपाठी, गौरव भदौरिया, गौरव यादव, मनीष चौधरी सहित संस्थान का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *