विनोद कुमार पाण्डेय
जिला एम सी बी छत्तीसगढ़
वेस्ट चिरमिरी खुली खदान को बंद करने की साजिश बर्दाश्त नहीं, 15 दिनों में कार्रवाई की जानकारी दे SECL प्रबंधन : अशोक श्रीवास्तव
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने SECL चिरमिरी क्षेत्र की महत्वपूर्ण वेस्ट चिरमिरी खुली खदान को बंद करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर कड़ा रोष जताया है। उन्होंने कहा कि चिरमिरी क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले कोयले का महत्वपूर्ण भंडार मौजूद होने के बावजूद खदान को पुनः शुरू करने के बजाय बंद करने की स्थिति उत्पन्न होना गंभीर चिंता का विषय है।

अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि वेस्ट चिरमिरी क्षेत्र में वर्ष 1950 से खनन कार्य होता रहा है। राष्ट्रीयकरण के बाद भी सीम नंबर 03, 04 एवं 05 में खनन जारी रहा। वर्ष 2015 में SECL द्वारा खनन कार्य निजी ठेकेदार सर्वना ट्रांसपोर्ट, तमिलनाडु को दिया गया, लेकिन मार्च 2018 में लगभग 1.50 लाख मीट्रिक टन कोयला निकालने के बाद कार्य बीच में ही छोड़ दिया गया। इसके बाद खदान में पानी भरने की स्थिति उत्पन्न हो गई।

उन्होंने कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार खदान में अभी भी लगभग 20 लाख मीट्रिक टन उच्च गुणवत्ता का कोयला मौजूद है और उचित तकनीकी व्यवस्था के साथ इसे आगामी 20 से 25 वर्षों तक संचालित किया जा सकता है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने SECL प्रबंधन से मांग की है कि खदान को SECL अपने संसाधनों से पुनः प्रारंभ करे अथवा नए सिरे से निविदा जारी कर अनुभवी एजेंसी के माध्यम से खनन शुरू कराया जाए। साथ ही खदान की वर्तमान स्थिति और पुनः संचालन के लिए की जा रही कार्रवाई की पूरी जानकारी 15 दिनों के भीतर जिला कांग्रेस कमेटी को लिखित रूप में उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि वेस्ट चिरमिरी खदान केवल कोयला उत्पादन का केंद्र नहीं, बल्कि हजारों लोगों के रोजगार और चिरमिरी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था से जुड़ी हुई है। इसे बंद करने का कोई भी प्रयास क्षेत्र के हित में नहीं होगा। जरूरत पड़ने पर जिला कांग्रेस कमेटी इसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्ञापन की प्रतिलिपि केंद्रीय कोयला मंत्री, CMD कोल इंडिया लिमिटेड, CMD एवं निदेशक SECL बिलासपुर, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक एमसीबी को उचित कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।
ज्ञापन सौंपते समय जिला कांग्रेस सचिव शाहिद महमूद, मुमताज कुरैशी, सांसद प्रतिनिधि एवं जिला उपाध्यक्ष निखिल यादव, रामवतार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
