Etawah News: भाव सागर महाराज का पिच्छिका परिवर्तन समारोह श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न

Etawah News: भाव सागर महाराज का पिच्छिका परिवर्तन समारोह श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न

पिच्छिका परिवर्तन समारोह में मुनि श्री ने महिला मंडल और युवा कमेटी की सराहना की

रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS

इटावा जसवंतनगर। नगर में चातुर्मास कर रहे परम पूज्य श्रमण मुनि श्री 108 भाव सागर जी महाराज का पिच्छिका परिवर्तन समारोह रविवार को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल भगवान के अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ हुआ। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मंगलाचरण प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।समारोह में मुनि श्री की अष्टद्रव्य से विधि-विधानपूर्वक पूजन की गई। श्रद्धालुओं ने जल, चंदन, अक्षत, पुष्प, नैवेद्य, दीप, धूप एवं फल-अर्घ्य समर्पित कर भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की।कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन एवं आचार्य श्री 108 भद्रबाहु सागर जी महाराज के चित्र का अनावरण करने का सौभाग्य मुनि श्री के गृहस्थ जीवन के माता-पिता अरुण जैन एवं साधना जैन को प्राप्त हुआ। शास्त्र भेंट जिन शासन महिला मंडल द्वारा किया गया, जबकि पाद प्रक्षालन का सौभाग्य नीरज जैन फड्डू को प्राप्त हुआ।पिच्छिका परिवर्तन के अंतर्गत नगर के जिन शासन महिला मंडल की महिलाओं ने मुनि श्री को नवीन पिच्छिका भेंट की। वहीं क्षुल्लक श्री अनुश्रमण सागर जी को पिच्छिका भेंट करने का सौभाग्य मुनि भक्त आशीष जैन परिवार को प्राप्त हुआ।

मुनि श्री ने अपनी पुरानी पिच्छिका गुरु भक्ति से प्रभावित होकर अंकित जैन को प्रदान की। वहीं नियम-संयम के मार्ग पर आगे बढ़ने की भावना से शिवकांत जैन एवं आराध्य जैन को पिच्छिका प्रदान की गई। चोका व्यवस्था में समर्पित सेवा एवं भक्ति से प्रभावित होकर अतुल जैन एवं मोनिका जैन को भी पुरानी पिच्छिका प्रदान की गई।इस अवसर पर मुनि श्री भाव सागर जी महाराज ने जिन शासन महिला मंडल की महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने चातुर्मास के दौरान एक मां की तरह उनका ख्याल रखा है। उन्होंने चातुर्मास कमेटी के 16 सदस्यीय युवा दल की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस समाज में ऐसे समर्पित और सक्रिय युवा होंगे, वह समाज हमेशा तरक्की करेगा।समारोह में मुरैना से आए संगीतकार ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन आशीष जैन ने किया। इस दौरान जसवंतनगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *