Etawah News: प्रजापति कुम्भकार महासंघ ने 56 मेधावी छात्र-छात्राओं और 47 शिक्षकों को किया सम्मानित
92 प्रतिशत अंक हासिल कर केशश्वी वर्मा ने बढ़ाया समाज का गौरव, मेधावियों को स्कूल बैग, नोटबुक, पेन, शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर। अखिल भारतीय प्रजापति कुंभकार महासंघ की जिला शाखा इटावा की ओर से रविवार को जसवंतनगर स्थित एक मैरिज होम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और शिक्षा के माध्यम से समाज को नई दिशा देने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के जिला अध्यक्ष लज्जाराम प्रजापति, राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ उषा प्रजापति तथा मुख्य अतिथि हमीरपुर के भाजपा विधायक मनोज प्रजापति ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन अमित प्रजापति ने किया।
56 मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान
सम्मान समारोह में जनपद इटावा के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के 56 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इन सभी विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। महासभा की ओर से प्रत्येक विद्यार्थी को स्कूल बैग, पांच नोटबुक, पेन, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
47 शिक्षकों को भी मिला सम्मान
शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले जनपद के 47 विशिष्ट शिक्षकों को भी समारोह में सम्मानित किया गया। महासभा के पदाधिकारियों ने शिक्षकों को पटका पहनाकर शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किए। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं।
केशश्वी वर्मा ने 92 प्रतिशत अंक हासिल कर किया गौरवान्वित
कार्यक्रम में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की विशेष रूप से सराहना की गई। भरथना की नम्रता प्रजापति ने 89 प्रतिशत, चितभवन की मोना प्रजापति ने 89.5 प्रतिशत तथा जसवंतनगर के अंकित प्रजापति ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं सीबीएसई बोर्ड से शिक्षा प्राप्त कर 92 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली केशश्वी वर्मा ने जनपद में प्रजापति समाज का नाम रोशन किया। उनकी उपलब्धि पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर बकेवर एवं भरथना क्षेत्र की होनहार छात्राओं विष्णुप्रिया प्रजापति और अंजना प्रजापति ने महिलाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए नारी शक्ति को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए बेटियों की शिक्षा और उनका आत्मनिर्भर बनना बेहद जरूरी है।
समारोह में विधायक मनोज प्रजापति ने कहा कि समाज के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान अन्य बच्चों को भी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ पढ़ाई करने की प्रेरणा देता है।
इस दौरान कार्यवाहक अध्यक्ष प्रमोद प्रजापति, सुदीप प्रजापति, वीरेंद्र प्रजापति, अमित प्रजापति, मंगल सिंह प्रजापति, विद्याराम वर्मा, ज्ञानदत्त वर्मा, रामनाथ वर्मा, रामपाल प्रजापति, अखिलेश प्रजापति, राकेश प्रजापति, संजीव प्रजापति, जवाहर प्रजापति, ब्रह्मपुत्र प्रजापति, जितेंद्र कुमार प्रजापति सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रजापति समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
