छठ की खुशियां बांटने आगे आया लायंस क्लब, जरूरतमंद व्रतियों को दी पूजा सामग्री
नारियल, सूप और साड़ी पाकर खिले छठव्रतियों के चेहरे; मोतिहारी में सेवा कार्यक्रम आयोजित
मोतिहारी- लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर लायंस क्लब ऑफ बापूधाम मोतिहारी ने जरूरतमंद छठव्रतियों के बीच पूजा सामग्री का वितरण किया। शुक्रवार, 13 नवंबर की संध्या को भवानीपुर जिरात स्थित नेत्रिका आई केयर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नारियल, सूप, साड़ी और पूजन सामग्री देकर परिवारों के साथ पर्व की खुशियां साझा की गईं।
क्लब अध्यक्ष लायन डॉ. कमलेश कुमार के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा लायंस क्लब का मूल उद्देश्य है। छठ जैसे पवित्र पर्व पर जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया।
क्लब सचिव लायन राहुल सर्राफ ने व्रतियों के बीच सामग्री वितरित की और उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सेवा और उनके सुख-दुःख में सहभागी बनना क्लब की प्राथमिकता है।
रीजन चेयरपर्सन लायन सुजीत सिंह ने क्लब के इस सामाजिक सेवा कार्य की सराहना की। क्लब उपाध्यक्ष लायन अशफाक करीम और प्रशासक लायन डॉ. मंजर नसीम ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। क्लब निदेशक लायन रविंद्र बेरवाल और श्री अरुण श्रीवास्तव ने छठव्रतियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में लायन डॉ. मिन्नतुल्लाह, लायन संगीता शॉ, लायन नीतू सर्राफ, लायन देवेंद्र कुमार, श्री अरुण श्रीवास्तव सहित क्लब के अनेक सदस्य मौजूद रहे। सदस्यों के सामूहिक सहयोग से सेवा कार्यक्रम संपन्न हुआ।
लायंस क्लब ऑफ बापूधाम मोतिहारी ने सभी छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
