सरिसवा नदी किनारे छठ घाटों की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

सरिसवा नदी किनारे छठ घाटों की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

 

भकुआ ब्रह्मस्थान और कस्टम चौक घाट का निरीक्षण; मैत्री पुल पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, चिह्नित घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोर तैनात करने का निर्देश

 

रक्सौल। छठ महापर्व के मद्देनजर घाटों की तैयारियों और विधि-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने रक्सौल अनुमंडल के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नेपाल से आने वाली सरिसवा (सिरिसिया) नदी के तट पर स्थित भकुआ ब्रह्मस्थान और कस्टम चौक छठ घाट की व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान भारत-नेपाल सीमा पर स्थित मैत्री पुल का भी निरीक्षण किया गया।

सरिसवा नदी के तट पर छठ पूजा के आयोजन को देखते हुए अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, स्वच्छता और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित पदाधिकारियों से तैयारियों को समय पर पूरा करने और व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा गया।

सुरक्षा के मद्देनजर सभी चिह्नित छठ घाटों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नदी किनारे स्थित घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *