45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर में “हर घर तिरंगा अभियान” एवं “वंदे मातरम् चरण-3” के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन

45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर में “हर घर तिरंगा अभियान” एवं “वंदे मातरम् चरण-3” के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन

जुबैर अंसारी स्पेशल क्रोस्पोंडेंट ऑफ बिहार की खास रिपोर्ट l

“हर घर तिरंगा अभियान” एवं “राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् चरण-3” के अंतर्गत श्री गौरव सिंह, कमांडेंट, 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर के मार्गदर्शन एवं कुशल नेतृत्व में वाहिनी मुख्यालय परिसर में आज एक भव्य एवं देशभक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों एवं सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम में सीमावर्ती क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों—उच्च माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर, एस.एन. पब्लिक स्कूल बीरपुर, कन्या मध्य विद्यालय बीरपुर एवं केंद्रीय विद्यालय बीरपुर—के छात्र-छात्राओं ने उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया। विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया गया।

इसी क्रम में सीमावर्ती क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने “देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता” जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कार्यक्रम के दौरान प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में कमांडेंट श्री गौरव सिंह एवं मुख्य अतिथि द्वारा विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान की गई। इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र के वाइब्रेंट विलेज से आए प्रतिभाशाली एवं कौशल संपन्न व्यक्तियों, जिन्होंने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की, को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कमांडेंट श्री गौरव सिंह ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, बालकर्मियों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल हमारे देश की पहचान ही नहीं, बल्कि यह हमारे गौरव, एकता, स्वतंत्रता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी से “हर घर तिरंगा” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के पश्चात वाहिनी के बालकर्मियों, शिक्षक गण स्कूली छात्र-छात्राओं एवं सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों की सहभागिता से एक भव्य “झंडा साइकिल रैली” का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक प्रबल करने का संदेश दिया गया। तिरंगे के साथ निकली रैली ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

 

कार्यक्रम के दौरान श्री जगदीश कुमार शर्मा, द्वितीय कमान अधिकारी; श्री शैलेंद्र सिंह, कृषि विभाग के चीफ़ इंजीनियर; श्री भिखारी मेहता, किसान अवार्ड से सम्मानित; श्री प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट; श्री सुमन सौरभ, उप कमांडेंट; वाइब्रेंट विलेज से आए सम्मानित व्यक्ति तथा संदिक्षा फैमिली के सदस्य सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन “हर घर तिरंगा” के संकल्प, राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम ने सीमावर्ती क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सहभागिता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *