रक्सौल और ढाका में मादक पदार्थों के खिलाफ नियमित संयुक्त छापेमारी के निर्देश
एनकॉर्ड की बैठक में डीएम-एसपी ने निगरानी और विभागीय समन्वय पर दिया जोर, त्योहारों में मिठाई दुकानों की भी होगी जांच
श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर
मोतिहारी। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रक्सौल और ढाका के सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस व सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को नियमित संयुक्त छापेमारी करने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार, भंडारण, परिवहन और सेवन के विरुद्ध संबंधित विभाग समन्वय बनाकर कार्रवाई करें। इन गतिविधियों में पकड़े गए लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय नार्को-कोऑर्डिनेशन (एनकॉर्ड) की बैठक में जिलाधिकारी ने सीमावर्ती इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात भी उपस्थित थे। डीएम ने कहा कि निरोधात्मक कार्रवाई में लगे अधिकारी स्थानीय थाने को सूचना अवश्य दें, ताकि संबंधित इकाइयां आपसी तालमेल के साथ काम कर सकें।
जिलाधिकारी ने अनुमंडल स्तर पर पुलिस-प्रशासन, एसएसबी, ड्रग्स कंट्रोल और कृषि विभाग के अधिकारियों को बैठक कर प्रभावी रणनीति तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों से जुड़ी अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए नियमित कार्रवाई और विभागों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों को चौकस रहने को कहा। उन्होंने मादक पदार्थों के सेवन के मामलों में कार्रवाई करने तथा युवाओं और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया। चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास निगरानी पर भी जोर दिया गया।

बैठक में पर्व-त्योहार को देखते हुए दुकानों की जांच के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने ड्रग इंस्पेक्टर और खाद्य विभाग के अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाने को कहा। मोतिहारी, रक्सौल, ढाका और अरेराज सहित अन्य अनुमंडलों में बड़े मिष्ठान भंडारों समेत दुकानों की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी तरह की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में एसएसबी की 71वीं, 20वीं और 47वीं बटालियन के समादेष्टा, सभी अनुमंडल पदाधिकारी व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, औषधि नियंत्रक, अधीक्षक मद्य निषेध, डीपीओ आईसीडीएस, जिला शिक्षा पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रतिनिधि मौजूद थे।
