रक्सौल के डंकन रोड पर तेज रफ्तार कार ने राहगीरों को मारी टक्कर, छह से अधिक घायल

रक्सौल के डंकन रोड पर तेज रफ्तार कार ने राहगीरों को मारी टक्कर, छह से अधिक घायल

 

एसएसबी जवानों और स्थानीय लोगों ने कार रोककर चालक को पकड़ा; हरैया पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर शुरू की जांच

 

श्यामल प्रतीक | रक्सौल

 

रक्सौल के व्यस्त डंकन रोड पर शनिवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से छह से अधिक राहगीरों के घायल होने की सूचना है। नेपाल की ओर से आ रही मारुति सुजुकी कार ने सड़क पर चल रहे कई लोगों को टक्कर मार दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग बचाव के लिए दौड़े और घटनास्थल पर भीड़ जुट गई।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है। हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी चिकित्सकीय स्थिति की आधिकारिक पुष्टि अभी अपेक्षित है।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए डंकन अस्पताल के पुराने गेट के पास कार को घेरकर रोक लिया। चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

 

सूचना मिलने पर हरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान के नेतृत्व में पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लिया और चालक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। कार के अनियंत्रित होने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने डंकन रोड पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने और यातायात निगरानी बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि व्यस्त मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों से राहगीरों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। उन्होंने नियमित जांच और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *