संदिग्ध स्थिति में युवक की मौत, गोली लगने के निशान से सनसनी

*संवाददाता :- डी एन शुक्ला*

 

*स्लग :- संदिग्ध स्थिति में युवक की मौत, गोली लगने के निशान से सनसनी*

*एंकर :-* गौनाहा के मटियरिया थाना क्षेत्र के हौदा डूमरा गांव में एक युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। युवक की मौत बाइक दुर्घटना बताया गया, लेकिन शव को स्नान कराने के दौरान कान के बगल में गोली लगने जैसा निशान मिलने के बाद मामला हत्या की ओर मुड़ गया है। पुलिस अब हर पहलू से जांच कर रही है।

 

मृत युवक की पहचान हौदा डूमरा गांव निवासी हजरत अंसारी के 30 वर्षीय पुत्र इम्तियाज अंसारी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, इम्तियाज शनिवार की सुबह करीब 8 बजे मोटरसाइकिल से व्यवसाय के लिए मेघौली मुर्गा लेने जा रहा था। इसी बीच करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि इम्तियाज की मौत बाइक दुर्घटना में हो गई है।

 

घटना की सूचना पर मटियरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी। इस दौरान परिजनों ने पोस्टमार्टम का विरोध किया। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

 

परिजन जब शव को दफनाने के लिए स्नान करा रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि मृतक के दाहिने कान के बगल में गोली लगने जैसा निशान है। यह देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मटियरिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने पुनः शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया।

 

मृतक के छोटे भाई इरफान अंसारी ने बताया कि इम्तियाज रोज की तरह सुबह मुर्गा लेने गया था, लेकिन उसकी संदिग्ध मौत से पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

मृतक की पत्नी हाजरा खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे विधवा पत्नी, 11 वर्षीय पुत्री माहिरा, 7 वर्षीय पुत्री जोया और 4 वर्षीय पुत्री आफरीन को छोड़ गया है। मृतक 6 भाइयों में दूसरे नंबर पर था। गरीबी के कारण वह मुर्गा का मीट बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मां की मौत पहले ही हो चुकी है। युवक की मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है।

घटना की सूचना पर शिकारपुर पुलिस इंस्पेक्टर सरफराज अहमद, मटियरिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार, एसआई रमेश कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन में जुट गए। घटनास्थल कुशहवा और मेघौली चौक के बीच नहर रोड पर है, जहां काफी खून के धब्बे भी दिखाई दे रहे थे।

 

पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा। पुलिस दुर्घटना और हत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *