Etawah News: चौ. सुघर सिंह नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता का संदेश
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर, इटावा। अक्टूबर माह में मनाए जाने वाले ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता अभियान के अंतर्गत चौ. सुघर सिंह नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज, जसवंत नगर, इटावा द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर जिला अस्पताल, इटावा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं एवं आमजन को ब्रेस्ट कैंसर के लक्षणों, प्रारंभिक पहचान, बचाव एवं उपचार के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर कॉलेज के बीएससी नर्सिंग आठवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बीमारी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रस्तुत कीं। नाटक में नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर चिकित्सकीय परामर्श तथा समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनिल कुमार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। आयोजन एसोसिएट प्रोफेसर कृष्ण लाल कुमावत एवं असिस्टेंट प्रोफेसर अरविंद कुमार शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ।
संस्थान के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, संवेदनशीलता एवं सेवा भाव विकसित करना भी है। ऐसे आयोजन उन्हें व्यावहारिक अनुभव देने के साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान जनहित से जुड़ी गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।
संस्थान की डायरेक्टर डॉ. रीमा मंडल ने कहा कि ब्रेस्ट कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान और समय पर उपचार महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि नर्सिंग शिक्षा का उद्देश्य कुशल स्वास्थ्यकर्मी तैयार करने के साथ समाज को स्वस्थ एवं जागरूक बनाने में योगदान देना भी है। नुक्कड़ नाटक जैसे रचनात्मक प्रयास जनसामान्य तक महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
इस आयोजन के माध्यम से कॉलेज के विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य शिक्षा एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जनसेवा का प्रेरणादायक संदेश दिया।
