Etawah News: संचेतना कॉलेज, इटावा में नवाचार एवं एआई कार्यशाला आयोजित
कानपुर विश्वविद्यालय से आए विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताए स्टार्टअप और करियर निर्माण के अवसर*
क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने भी विद्यार्थियों को किया जागरूक
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
इटावा, 30 अक्टूबर 2026। संचेतना कॉलेज, इटावा में नवाचार एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, नवाचार, उद्यमिता, स्टार्टअप, साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ आए हुए अतिथियों प्रबंधक श्रीमती सीमा यादव, सुदर्शन त्रिपाठी आउटरीच मैनेजर सी• एस• जे• एम• विश्वविद्यालय कानपुर से , क्षेत्राधिकारी इटावा आयुषी सिंह एवं एआई विशेषज्ञ अंशु सिंह द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रबंधक श्रीमती सीमा यादव एवं प्राचार्य डॉ. विकास श्रीवास्तव उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
सुदर्शन त्रिपाठी ने नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता के माध्यम से करियर निर्माण पर दिया जोर। उन्होंने विद्यार्थियों को कॉरपोरेट जगत, उद्योगों की आवश्यकताओं, स्वरोजगार तथा तकनीक आधारित रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान, रचनात्मक सोच, समस्या समाधान की क्षमता और व्यावहारिक कौशल युवाओं की सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को नए विचारों पर काम करने, सामाजिक समस्याओं के समाधान खोजने और अपने नवाचारों को स्टार्टअप के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, CSJM University Innovation Foundation की नवाचार एवं उद्यमिता संबंधी गतिविधियों और अवसरों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के महत्व पर प्रकाश डाला।

क्षेत्राधिकारी इटावा आयुषी सिंह ने साइबर सुरक्षा और डिजिटल सतर्कता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा और इंटरनेट का जिम्मेदारी से उपयोग करने पर जोर दिया।
एआई विशेषज्ञ अंशु सिंह ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, शोध, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में एआई के बढ़ते महत्व से परिचित कराया। उन्होंने तकनीक के रचनात्मक, जिम्मेदार और व्यावहारिक उपयोग के साथ आधुनिक तकनीकी कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्रबंधक श्रीमती सीमा यादव ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में आधुनिक तकनीक, नवाचार और व्यावहारिक शिक्षा के महत्व पर बल दिया। वहीं, प्राचार्य डॉ. विकास श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को बदलते तकनीकी परिवेश के अनुरूप अपने ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया.
कार्यशाला के दौरान नवाचार आधारित विचारों, स्टार्टअप की संभावनाओं, तकनीक के माध्यम से करियर निर्माण तथा सामाजिक समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नवाचार की संस्कृति विकसित करने, उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
