Etawah News: दो दिन में दो मौतें पहले भतीजे फिर चाचा की उठी अर्थी, गांव में मातम
पत्नी और मां को पहले ही खो चुका था परिवार, अब पिता की मौत से चार बच्चों के सिर से उठा साया, रो-रोकर बुरा हाल
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर (इटावा)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत जैनपुर नागर में एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शुक्रवार को भतीजे अनिल कुमार उर्फ टिल्लू की मौत हो गई, जबकि शनिवार सुबह उनके चाचा ब्रह्मानंद ने भी दम तोड़ दिया। लगातार दो मौतों से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार उर्फ टिल्लू की पत्नी का करीब एक वर्ष पहले बीमारी के चलते निधन हो गया था। पत्नी की मौत के बाद वह गहरे सदमे में चले गए और शराब का सेवन करने लगे। इसी बीच उनके गाल में कैंसर हो गया। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह समुचित इलाज नहीं करा सके। शुक्रवार 13 नवंबर को उनकी मौत हो गई।
भतीजे की मौत से उनके चाचा ब्रह्मानंद भी गहरे सदमे में थे। बताया जाता है कि उन्होंने शुक्रवार रात अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया। शनिवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर चिकित्सालय, मोतीझील इटावा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अनिल कुमार अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गए हैं। इनमें करीब 18 वर्षीय पुत्री चांदनी, 15 वर्षीय पुत्र राहुल, 12 वर्षीय पुत्री नंदिनी और 8 वर्षीय पुत्री पल्लवी शामिल हैं। बच्चों की मां का पहले ही निधन हो चुका था और कुछ महीने पहले उनकी दादी भी दुनिया छोड़ गई थीं। अब पिता की मौत के बाद चारों बच्चों के सिर से मां-बाप और दादी का साया उठ गया है। पिता को खोने के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे बिलखते हुए अपने पिता को याद कर रहे हैं।
अनिल कुमार लकड़ी का काम करके मेहनत-मजदूरी से परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार के पास खेती-बाड़ी भी नहीं है। ऐसे में पिता की मौत के बाद चारों बच्चों के सामने भरण-पोषण और भविष्य का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
चार मासूमों के भविष्य की चिंता
एक ही परिवार में लगातार हुई दो मौतों ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मां, पिता और दादी को खो चुके इन चार बच्चों का सहारा कौन बनेगा और उनकी पढ़ाई-लिखाई व भरण-पोषण की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? ग्रामीणों ने प्रशासन और समाजसेवी संगठनों से पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपेक्षा जताई है।
