Etawah News: होटल संचालक पर जमीन कब्जाने का आरोप, पीड़ित सुरेश चंद्र ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर/इटावा। ग्राम पदमपुरा निवासी सुरेश चंद्र पुत्र वृंदावन लाल ने सागर होटल (सागर ढाबा) के संचालक विकास यादव पर उनकी भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने शासन-प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने की मांग की है।
सुरेश चंद्र के अनुसार, उनके चचेरे भाइयों ने अपनी कुछ भूमि विकास यादव और सागर ढाबा संचालकों को बेची थी। इसके बाद वर्ष 2016 में सरकारी बंटवारा भी हुआ था। उनका आरोप है कि विकास यादव ने खरीदी गई भूमि पर सागर होटल का निर्माण करा लिया, लेकिन इसी बीच उनकी पुत्रवधू की बीमारी के चलते परिवार को इलाज के लिए दिल्ली जाना पड़ा। वहां करीब एक वर्ष तक रहने के दौरान आरोप है कि इसका फायदा उठाकर उनकी भूमि की सरकारी नापजोख के दौरान लगाई गई निशानियां और खूंटियां उखाड़कर फेंक दी गईं।
पीड़ित का आरोप है कि उनकी भूमि को होटल का वेस्ट डालने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है और वहां तालाब जैसी स्थिति बना दी गई है। इसके चलते वह अपनी जमीन पर कोई फसल भी पैदा नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें आशंका है कि धीरे-धीरे उनकी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
सुरेश चंद्र ने बताया कि 7 नवंबर 2026 को राजस्व टीम द्वारा भूमि की नापजोख की गई थी और चूने से निशान भी लगाए गए थे, लेकिन कुछ कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। उनका कहना है कि लगातार शिकायत और फरियाद करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
पीड़ित ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि राजस्व अभिलेखों के आधार पर भूमि की दोबारा निष्पक्ष पैमाइश कराई जाए और यदि जांच में अवैध कब्जा पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
सुरेश चंद्र ने न्याय न मिलने की स्थिति में आत्महत्या जैसा कदम उठाने की चेतावनी भी दी है। उनकी इस बात को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से तत्काल उनकी सुरक्षा और समस्या के समाधान की मांग की गई है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। दूसरे पक्ष का बयान उपलब्ध होने पर उसे भी प्रकाशित किया जायेगा.
