महाप्रबंधक व अध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज लगा विकास निधि में 6.32 करोड़ के गबन का आरोप

महाप्रबंधक व अध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज लगा विकास निधि में 6.32 करोड़ के गबन का आरोप

लखनऊ: प्रतापगढ़ निवासी सुनील कुमार गोयल, (पूर्व महाप्रबंधक), जितेन्द्र कुमार अग्रवाल (पूर्व अध्यक्ष) एवं अन्य सहयोगियों के विरुद्ध ₹7.26 करोड़ से अधिक के शासकीय धन गबन के आरोप में एफआईआर दर्ज।

 

भारतीय को-ऑपरेटिव ग्रामीण विकास एवं निर्माण लिमिटेड द्वारा विधान मंडल क्षेत्र विकास निधि योजना के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में निष्पादित निर्माण कार्यों से संबंधित शासकीय धनराशि के गबन, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, जालसाजी एवं कूटरचित अभिलेखों के उपयोग के आरोपों के संबंध में दिनांक 05.08.2026 को थाना अकबरपुर, जनपद कानपुर देहात में प्रतापगढ़ निवासी सुनील कुमार गोयल तत्कालीन महाप्रबंधक, तत्कालीन अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार अग्रवाल तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

 

वर्ष 2015 से 2018 के मध्य आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत संस्था के अधिकृत बैंक खाते से लगभग ₹6.32 करोड़ की धनराशि का अनियमित एवं अवैध रूप से गबन किया। इसके अतिरिक्त लगभग ₹94.03 लाख की अन्य संदिग्ध निकासी भी प्रकाश में आई है, जिसके संबंध में संस्था के अभिलेखों में कोई वैध स्वीकृति, उपयोगिता प्रमाण अथवा लेखा-जोखा उपलब्ध नहीं है।

 

आरोपियों ने शासकीय धनराशि के उपयोग से संबंधित तथ्य छिपाए, शासन को भ्रामक एवं असत्य सूचनाएँ उपलब्ध कराई तथा वित्तीय अनियमितताओं को छिपाने के उ‌द्देश्य से संस्था के बैंक खाते एवं अभिलेखीय नियंत्रण में भी अवैध हस्तक्षेप किया। संस्था द्वारा अनेक अवसर दिए जाने के बावजूद न तो धनराशि का समुचित हिसाब प्रस्तुत किया गया और न ही गबन की गई राशि वापस की गई।

 

संस्था ने पुलिस से भारतीय न्याय संहिता एवं अन्य लागू विधिक प्रावधानों के अंतर्गत निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक विवेचना, गबन की गई शासकीय धनराशि की बरामदगी तथा दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

 

संस्था ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह विवेचना में पूर्ण सहयोग करेगी तथा समस्त संबंधित अभिलेख एवं साक्ष्य जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराएगी, जिससे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को विधि के अनुसार दंडित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *