सुनील गुप्ता फतेहपुर यूपी
*बाढ़ पीड़ितों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, तत्काल राहत और मुआवजे की मांग*
फतेहपुर। लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से जिले के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने गुरुवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे कराकर पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण जिले के कई गांवों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इससे घरों में रखा अनाज, राशन और अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गया है। कई परिवारों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है। वहीं पशुपालकों को पशुओं के लिए चारे और सुरक्षित स्थान की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

बाढ़ से प्रभावित बताए गए क्षेत्रों में सामियाना, चुरियानी, फलामऊ, मटुरुवा, मनीपुर, बड़नपुर, अमेया-सराय, ललौली, कसुम्भी, पासिनडेरा, गोपालपुर, खेसहन, लेखराजपुर, मानिखेड़ा, सरकी, मीरापुर, लक्ष्मीपुर, जायसरेश्वर, बुधरामऊ, झलावापुर, अन्दमऊ, बेरागढ़ी, छीतमपुर, आकापुर, करसिनपुर, मीसा, कोरी सादात, जहानपुर, हसवा, शंकरपुर, चकनियापुर और चकजमालालपुर सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं।

पीड़ितों ने मांग की कि लेखपाल और राजस्व टीम को तत्काल मौके पर भेजकर बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे कराया जाए। बाढ़ के कारण बेघर हुए परिवारों के लिए तत्काल भोजन और रहने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कच्चे और पक्के मकानों को हुए नुकसान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा सीधे पीड़ितों के बैंक खातों में भेजा जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रभावित परिवारों को समय रहते सरकारी सहायता नहीं मिली तो उनकी परेशानियां और बढ़ सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कराने तथा जरूरतमंद परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
