इसरार अहमद जिला संवाददाता अम्बेडकरनगर
खाद के नाम पर किसानों की जेब पर डाका! बोरी पर ₹30 से ₹50 अधिक वसूली का आरोप
अम्बेडकरनगर। किसानों को राहत देने के लिए संचालित सहकारी समितियों पर ही अब खाद के नाम पर कथित रूप से मनमानी वसूली के आरोप लगने लगे हैं। विकास खण्ड भियांव के बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड (बी-पैक्स) बेरमा में किसानों से खाद की निर्धारित कीमत से अधिक रकम लिए जाने का मामला सामने आया है। किसानों का आरोप है कि समिति पर खाद की प्रत्येक बोरी पर 30 से 50 रुपये तक अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि खेती- किसानी पहले से ही महंगी हो चुकी है और खाद, बीज तथा अन्य कृषि सामग्री के बढ़ते खर्च के बीच इस तरह की कथित अतिरिक्त वसूली से उन पर आर्थिक बोझ और बढ़ रहा है।आरोप है कि खाद की जरूरत और सीमित उपलब्धता का फायदा उठाकर किसानों से अधिक रकम ली जा रही है।किसानों का कहना है कि सरकारी व्यवस्था के तहत मिलने वाली खाद पर ही यदि अतिरिक्त रकम वसूली जाती है तो यह किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ है। अब देखना है कि विभागीय अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर बी-पैक्स बेरमा की जांच कराते हैं या नहीं।
