एसबीआई शाखा के बाहर एसी में लगी आग, कर्मचारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा।
ब्यूरो रिपोर्ट चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
मल्लावां (हरदोई)। कस्बे के पाठक मार्केट स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा के बाहर शनिवार को लगे आउटडोर एसी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख बैंक परिसर पाठक मार्केट में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि बैंक कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बैंक के बाहर लगे एसी यूनिट से अचानक धुआं निकलने लगा, जिसके बाद उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति को भांपते हुए बैंक कर्मचारियों ने तत्काल बैंक में उपलब्ध अग्निशामक यंत्रों का प्रयोग किया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। त्वरित कार्रवाई के चलते आग बैंक भवन के भीतर नहीं फैल सकी।
शाखा प्रबंधक अभिषेक कुमार राजपूत ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि आग केवल बाहरी एसी यूनिट तक सीमित रही, जिससे बैंक के महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर, कैश व अन्य संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। सभी रिकॉर्ड पूरी तरह सुरक्षित हैं। आग पर काबू पाने के बाद बैंक का कामकाज सामान्य रूप से संचालित होता रहा। घटना के दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक संभावित बड़ा नुकसान टल गया।
