बहराइच से शिव कुमार वर्मा की रिपोर्ट
21 साल से फरार 50 हजार का इनामी अपराधी गिरफ्तार पुलिस को मिली बड़ी सफलता
बहराइच से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां 21 साल से फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी साल 2005 में जिला कारागार से फरार हुआ था और तब से पुलिस को चकमा दे रहा था।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का नाम शमीम है, जिसकी उम्र करीब 60 साल बताई जा रही है। वह थाना मटेरा क्षेत्र के ग्राम धनौली का रहने वाला है। उस पर डीआईजी देवीपाटन परिक्षेत्र की ओर से ₹50,000 का इनाम घोषित किया गया था।
एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में स्वाट (SWAT) टीम और कोतवाली देहात पुलिस की संयुक्त टीम ने 21 नवंबर को कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक, शमीम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 8 मुकदमे दर्ज हैं। 21 साल पुराने मामले में पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
