Etawah News: अतिरिक्त दो लाख रुपये की दहेज मांग का आरोप, पति समेत आठ पर मुकदमा
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS

जसवंतनगर। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट, मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न करने के आरोप में थाना जसवंतनगर पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम बरौली पाल नगर, थाना वैदपुरा निवासी रामवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन ममता कुमारी का विवाह 21 अप्रैल 2023 को ग्राम धौलपुर निवासी रवि कुमार पुत्र शिशुपाल के साथ सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था।
आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने अतिरिक्त दो लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट की गई और उसे लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि कई बार पंचायत के माध्यम से समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। आरोप है कि जून 2026 में विवाहिता के साथ फिर मारपीट कर उसे कमरे में बंद कर प्रताड़ित किया गया। वहीं 10 जून को जब विवाहिता का भाई और अन्य परिजन शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे, तब आरोपियों ने रास्ते में रोककर गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति रवि कुमार, शिशुपाल, बबली पत्नी शिशुपाल, सपना, अमित, दिनेश तथा दो अन्य आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना पुलिस के अनुसार मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की
जाएगी।
