ई-रिक्शा चालक की मौत के बाद फूटा परिजनों का गुस्सा, शव सड़क पर रख दो घंटे लगाया जाम
परिवार के भरण-पोषण और बच्चों के भविष्य को लेकर उठाई मांग, पुलिस के समझाने पर माने परिजन
इसरार अहमद, जिला संवाददाता
अम्बेडकरनगर।
ई-रिक्शा चालक की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे शव को जलालपुर-रामगढ़ मार्ग पर रखकर परिजनों ने जाम लगा दिया। परिवार के भरण-पोषण और मृतक के छोटे-छोटे बच्चों के भविष्य को लेकर मुआवजे एवं मदद की मांग उठाई। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब दो घंटे तक चले जाम के चलते राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।सूचना मिलते ही जैतपुर थानाध्यक्ष प्रेमचंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके अलावा कटका थानाध्यक्ष अक्षय पटेल और जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप सिंह भी पुलिस टीम के साथ पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों व पूर्व विधायक सुभाष राय ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को काफी देर तक समझाया-बुझाया। काफी मान-मनौव्वल के बाद परिजन जाम समाप्त करने और शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए।गौरतलब है कि जैतपुर थाना क्षेत्र के रेहता खुर्द गांव निवासी अशोक मौर्य (53) बुधवार शाम रोजाना की तरह अपने ई-रिक्शा से रामगढ़ -फुलवरिया की ओर जा रहे थे। तिघरा बाजार से पूरब अड़गड़ा आश्रम के करीब 50 मीटर पहले सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।सूचना पर पहुंचे बेटे अभिषेक मौर्य ने ग्रामीणों की मदद से घायल पिता को एंबुलेंस के जरिए सीएचसी नगपुर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई टांडा रेफर कर दिया। वहां से भी हालत में सुधार नहीं होने पर केजीएमयू लखनऊ भेजा गया जहां गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।अशोक मौर्य अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार मची हुई है। वहीं, एसओ जैतपुर प्रेमचंद ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
