इसरार अहमद संवाददाता
‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत सफाई कर्मचारियों का सम्मान समारोह
अम्बेडकरनगर। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ की थीम पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत भियांव ब्लॉक के द्वाकरा हाल में सफाई कर्मचारियों का माला पहना कर सम्मान किया गया।भियांव ब्लॉक क्षेत्र में कुल 143 सफाई कर्मचारियों ने हिस्सा लिया जिसमें महिला पुरुष सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए स्वच्छता को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर एडीओ पंचायत फिरदौश आलम ने स्वच्छता अभियान के उद्देश्यों और सफाई कर्मचारियों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ गांव और स्वस्थ समाज के निर्माण में सफाई कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। लोगों को भी स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सफाई व्यवस्था में सहयोग करना चाहिए।ग्राम पंचायत सचिव शालू सिंह ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। गांवों में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सफाई कर्मचारियों के साथ ग्रामीणों का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की।कार्यक्रम में सफाई कर्मचारी ब्लॉक अध्यक्ष पन्नालाल बजरंगी निषाद ब्लॉक संगठन मंत्री न्याय पंचायत प्रभारी दयाराम अशोक कुमार सुरेश सहित अन्य सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं मंच पर ग्राम विकास अधिकारी अरुण यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
