आवारा सांड ने युवक को दीवार में दबाया, हुई मौत; परिवार में मचा कोहराम

आवारा सांड ने युवक को दीवार में दबाया, हुई मौत; परिवार में मचा कोहराम।

 

ब्यूरो रिपोर्ट चन्दगीराम मिश्रा

हरदोई यूपी

 

  1. मल्लावां (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के सुकरौला शुक्लापुर गांव में रविवार दोपहर आवारा सांड के हमले में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आपको बताते चलें मिली जानकारी के अनुसार, शुक्लापुर निवासी गौरव तिवारी (लगभग 38 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय सुधाकर तिवारी रविवार दोपहर करीब दो बजे अपने पशुओं को चारा डालने गए थे। इसी दौरान वहां पहुंचे एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांड ने गौरव को दीवार में दबा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर दौड़े। लोगों के पहुंचने पर सांड वहां से भाग निकला।

गंभीर हालत में परिजन गौरव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉ. दिव्यांश चंद्रा ने बताया कि युवक को अस्पताल लाया गया था, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए हरदोई मोर्चरी हाऊस में भेज दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी, छा वर्षीय पुत्री अनन्या और चार वर्षीय पुत्र अवी को छोड़ गए हैं। गौरव की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते आवारा पशुओं के आतंक पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी व्यवस्था की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *