पत्रकार समाज का आईना, लोकतंत्र की मजबूती में अहम भूमिका: राम प्रकाश यादव
लोकतंत्र सेनानी कल्याण परिषद ने पत्रकारों को किया सम्मानित, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनने पर राम प्रकाश यादव को मिली बधाई
इसरार अहमद जिला संवाददाता
अम्बेडकरनगर। लोकतंत्र सेनानी कल्याण परिषद के तत्वावधान में जलालपुर में पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों को सम्मानित करते हुए परिषद के महामंत्री राम प्रकाश यादव ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और लोकतंत्र की मजबूती में उनकी अहम भूमिका होती है।उन्होंने कहा कि सच्चाई के रास्ते पर चलते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना पत्रकारिता का मूल धर्म है। जागरूक और निष्पक्ष पत्रकार ही राष्ट्र के चौथे स्तंभ की गरिमा को बनाए रखते हैं। उन्होंने पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए उनके सामाजिक दायित्वों पर प्रकाश डाला।वहीं राम प्रकाश यादव को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाए जाने पर पूर्व जिला महामंत्री अमरनाथ सिंह ने मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी। भाजपा नेता केशरी नंदन त्रिपाठी ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानी कल्याण परिषद के अध्यक्ष रमाशंकर गुप्ता राम दरश उपाध्याय सहित कई पत्रकार मौजूद रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
