Etawah News: टकपुरा में श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन सती चरित्र, भक्त ध्रुव और जड़ भरत प्रसंग सुनकर भावविभोर हुए श्रद्धालु
संत-महात्माओं के सानिध्य में हो रहा सात दिवसीय धार्मिक आयोजन, समस्त ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासियों की रही सहभागिता
रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर/इटावा। ग्राम पंचायत जैनपुर नागर के गांव टकपुरा स्थित आश्रम मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा एवं अमृत वर्षा सप्ताह के तीसरे दिन शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पूज्य पंडित शिवाकान्त जी महाराज ने सती चरित्र, भक्त ध्रुव की तपस्या तथा जड़ भरत चरित्र के भावपूर्ण प्रसंग सुनाए। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन नजर आए।
कथा में दक्ष प्रजापति के यज्ञ में माता सती के देह त्याग, भगवान शिव के क्रोध से वीरभद्र द्वारा दक्ष के अहंकार का नाश तथा माता पार्वती के साथ भगवान शिव के विवाह का प्रसंग सुनाया गया। कथावाचक ने इन प्रसंगों के माध्यम से अहंकार त्यागने और भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा रखने का संदेश दिया।
इसके बाद भक्त ध्रुव की कथा सुनाई गई। पांच वर्ष की अल्पायु में भगवान विष्णु की प्राप्ति के लिए ध्रुव की कठोर तपस्या, अटूट भक्ति और भगवान के दर्शन की कथा ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं राजा भरत के मृग मोह और जड़ भरत बनने के प्रसंग के माध्यम से मोह-माया से दूर रहकर आत्मज्ञान एवं वैराग्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई।
इस धार्मिक आयोजन में पूज्य श्री श्री बृज बिहारी दास जी खड़ेश्वरी महाराज, झारखंड माता मंदिर सारंगपुर जोहना का गरिमामयी सानिध्य प्राप्त हो रहा है। कथा के प्रधान आयोजक हनुमान टेकरी वृंदावन के महंत श्री दशरथ दास जी महाराज हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं का दायित्व टकपुरा आश्रम मंदिर के महंत श्री राजेश्वर दास जी महाराज संभाल रहे हैं। कथा के परीक्षित महावीर प्रसाद दीक्षित एवं अंजू दीक्षित दंपति हैं।
कथा में समस्त ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। सात दिवसीय यह श्रीमद्भागवत कथा 1 दिसंबर तक चलेगी। प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक कथा का रसपान कराया जा रहा है।
