Etawah News: श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन भक्ति, वैराग्य और ज्ञान का वर्णन सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

Etawah News: श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन भक्ति, वैराग्य और ज्ञान का वर्णन सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

 

राजा परीक्षित के श्राप, सुखदेव जी के प्राकट्य, भगवान शंकर-सती विवाह और कपिल भगवान के उपदेशों का हुआ भावपूर्ण वर्णन

 

रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS

जसवंतनगर/इटावा। क्षेत्र के टकपुरा ग्राम में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के दूसरे दिन गुरुवार को कथा व्यास अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित शिवाकान्त जी महाराज ने भक्ति, वैराग्य और ज्ञान के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान राजा परीक्षित को श्राप, भगवान शिव और माता सती के विवाह, सुखदेव जी के प्राकट्य, सृष्टि की रचना, वराह भगवान द्वारा पृथ्वी के उद्धार तथा कपिल भगवान के अवतार जैसे प्रसंगों को सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

 

कथावाचक ने राजा परीक्षित के प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि जीवन में समय का सदुपयोग, सत्संग और प्रभु भक्ति का विशेष महत्व है। वहीं भगवान शिव द्वारा अमर कथा के वर्णन और सुखदेव जी के प्राकट्य के प्रसंग से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त हुआ।

 

कथा में भगवान शंकर और माता सती के विवाह प्रसंग का भी भावपूर्ण वर्णन किया गया। इस प्रसंग के माध्यम से भगवान शिव की महिमा, माता सती की श्रद्धा और समर्पण का संदेश दिया गया। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भक्तिरस में डूबे रहे।

 

सृष्टि की उत्पत्ति का वर्णन करते हुए बताया गया कि ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की तथा भगवान वराह ने पृथ्वी का उद्धार कर धर्म की स्थापना की। इसके साथ ही कपिल भगवान के अवतार का प्रसंग सुनाया गया। कपिल भगवान ने अपनी माता देवहूति को ज्ञान प्रदान करते हुए शरीर की नश्वरता और आत्मा की अमरता का संदेश दिया। उन्होंने सांख्य शास्त्र के माध्यम से माता को मोक्ष का मार्ग बताया।

 

पंडित शिवाकान्त जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को सांसारिक मोह-माया से दूर रहकर ईश्वर की भक्ति और सद्कर्मों की ओर प्रेरित करती है। कथा श्रवण से मन को शांति मिलती है तथा जीवन में धर्म और सदाचार का मार्ग प्रशस्त होता है।

 

इस अवसर पर नवीन शर्मा, ऋषिकेश शर्मा, ध्रुव दुबे, महंत राजेश्वर दास, गजेंद्र चतुर्वेदी, अजय शर्मा और इंद्रजीत शर्मा सहित अन्य श्रद्धालु एवं आयोजन से जुड़े लोग उपस्थित रहे। कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से श्रीमद्भागवत महापुराण का श्रवण किया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *