भूगोल अध्ययनशाला के विद्यार्थियों ने किया मांदरकोंटा गुफा का शैक्षणिक भ्रमण

भूगोल अध्ययनशाला के विद्यार्थियों ने किया मांदरकोंटा गुफा का शैक्षणिक भ्रमण

 

जगदलपुर। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के एम.ए. तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने मंगलवार को जिले के दरभा ब्लॉक अंतर्गत चिड़पाल ग्राम पंचायत के मादरकोंटा गांव स्थित प्रसिद्ध मांदर कोंटा गुफा का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। यह भ्रमण विभागाध्यक्ष प्रोफेसर एम.एस. मिश्रा के निर्देशन तथा डॉ. राकेश कुमार खरवार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने घने जंगलों से घिरी लगभग 300 मीटर लंबी इस प्राकृतिक चूना पत्थर की गुफा के भीतर निर्मित स्टैलेक्टाइट, स्टैलेक्टमाइट, कंदरा स्तंभ तथा लैपीज जैसी प्रमुख भू-आकृतिक स्थलाकृतियों का प्रत्यक्ष अवलोकन और गहन अध्ययन किया। साथ ही क्षेत्र की अन्य भौगोलिक संरचनाओं, गुफा के बड़े कक्षों व संकरे मार्गों की भी जानकारी ली।

इस दौरान गुफा के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। ज्ञात हो कि स्थानीय वाद्य यंत्र ‘मांदर’ के नाम पर चर्चित इस गुफा की खोज 1947 में लखमा सोढ़ी नामक व्यक्ति द्वारा की गई थी, जहाँ आज भी स्थानीय आदिवासी समुदाय द्वारा पारंपरिक पूजा और ‘जात्रा’ का आयोजन किया जाता है। इस व्यावहारिक क्षेत्र अध्ययन से विद्यार्थियों को विषय की बारीकियों को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला। अध्ययन दल में अनामिका,अनिशा, रचना,फूलमती, कौशल्या,प्रियंका, ललिता, रंगीता,आसमती, कमलेश, गोविंद, लंबोदर, सुरेंद्र, अनिल मरकाम, अनिल नाग, भावेश, सतीश, योगेश व महेंद्र शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *