उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 51 नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद, सुखद दांपत्य जीवन की कामना की

कानपुर देहात

 

सुरेन्द्र मिश्रा

 

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 51 नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद, सुखद दांपत्य जीवन की कामना की

 

*बेटियों की पढ़ाई से लेकर शादी तक की जिम्मेदारी उठा रही सरकार : केशव प्रसाद मौर्य*

 

*मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से गरीब परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक हो रहा विवाह : उपमुख्यमंत्री*

 

कानपुर देहात,

अध्यक्ष राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग साध्वी निरंजन ज्योति जी के आश्रम अखंड परमधाम, मुक्ता नगर/मूसानगर में आयोजित 34वें भक्ति योग वेदांत संत सम्मेलन, श्रीमद्भागवत कथा एवं सतचंडी महायज्ञ के उपरांत आयोजित 51 जोड़ों के सामूहिक विवाह समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति, कैबिनेट मंत्री श्री राकेश सचान, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने भागवत पीठ को प्रणाम करते हुए कहा कि आज उन्हें इस पावन अवसर पर सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उपमुख्यमंत्री ने सभी नवविवाहित जोड़ों के सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना करते हुए आश्वस्त किया कि सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर सरकार द्वारा त्वरित सहायता एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों की शिक्षा, उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराया जा रहा है। सरकार ने इस योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभ में भी वृद्धि की है। पहले गरीब परिवारों को बेटियों की पढ़ाई और शादी की चिंता सताती थी, लेकिन आज प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में सरकार बेटियों की शिक्षा से लेकर विवाह तक की जिम्मेदारी निभा रही है। अब अभिभावकों को अपनी बेटियों की पढ़ाई, सुरक्षा और शादी को लेकर चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आम नागरिकों के जीवन को सुखद एवं समृद्ध बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत, कानपुर देहात और विकसित मूसानगर का निर्माण सरकार का संकल्प है। सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है। उपमुख्यमंत्री ने सामाजिक समरसता और समानता का संदेश देते हुए कहा कि बेटी-बेटी एक समान है, चाहे हिंदू हो या मुसलमान। जनपद आगमन पर जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित संबंधित अधिकारियों द्वारा माननीय उपमुख्यमंत्री जी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में गणमान्य नागरिक, वर वधु आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *