स्थान*दुर्ग*
रिपोर्टर हनु नायक
*आईआईटी के लिए 90 एकड़ जमीन के प्रस्ताव का विरोध, ग्रामीणों ने कहा – जंगल काटकर कैसा विकास*
*25 तारीख को ग्राम सभा में होगा फैसला, बंजर जमीन पर विकास की मांग को लेकर*
शिवधाम कोडिया निवासी प्रदीप साहू ने ग्राम पंचायत शिवधाम कोडिया की 90 एकड़ भूमि को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई के लिए दिए जाने के प्रस्ताव का विरोध किया है।
प्रदीप साहू ने वीडियो संदेश जारी कर बताया कि न्यायालय नाजिर अधिकारी, जिला दुर्ग के माध्यम से ग्राम पंचायत को इस संबंध में सूचना पत्र प्राप्त हुआ है। इसमें आईआईटी भिलाई द्वारा कलेक्टर महोदय और न्यायालय के समक्ष जमीन का प्रस्ताव रखा गया है। इस प्रस्ताव पर ग्राम पंचायत की राय जानने के लिए पत्र जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि गांव के लोगों ने पिछले 50 सालों से इस जगह को संजोकर रखा है। यहां जंगल बनाकर विभिन्न प्रकार के औषधीय, फल-फूल के वृक्ष लगाए गए हैं और मेहनत से सींचा गया है। अब विकास और आधुनिकीकरण के नाम पर उसी जगह की मांग की जा रही है।
प्रदीप साहू ने शासन से निवेदन किया कि गांव में और भी खाली, भाठा-बंजर जमीन पड़ी है, वहां विकास किया जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विकास के लिए जंगल काटना जरूरी है ? सरकार एक तरफ एक पेड़ मां के नाम, एक पेड़ बेटी के नाम जैसे अभियान चलाकर वृक्षारोपण की सलाह देती है, वहीं दूसरी तरफ एक झटके में आईआईटी के नाम पर लाखों पेड़ काटकर विकास की बात हो रही है।
उन्होंने क्षेत्र के सभी सम्माननीय जनता, ग्रामीणों और बुद्धिजीवियों से अपील की है कि 25 तारीख को ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और अपनी बात पंचायत के सामने रखें। ताकि गलत काम को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि विकास के लिए पूरी दुनिया पड़ी है, आसपास बड़े-बड़े खाली स्थान पड़े हैं, वहां विकास किया जाए, लेकिन गांव के जंगल-जमीन को छोड़ दिया जाए।
