इसरार अहमद जिला संवाददाता अम्बेडकरनगर
बड़ी खबर
बारात से लौट रही अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर नहर में गिरी, एयरबैग खुलने से सातों सवारों की बची जान
अम्बेडकरनगर। जैतपुर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बारात से लौट रही UP 32 GF 2431 अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार के एयरबैग खुलने से उसमें सवार सभी सात लोगों की जान बच गई। हालांकि सभी को गंभीर चोटें आने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, जैतपुर से बारात लेकर कार पीठापुर गई थी। बुधवार तड़के वापस लौटते समय ईंधना प्राथमिक विद्यालय से करीब 500 मीटर पूरब अचानक कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। जानकारी के मुताबिक कार को बंदीपुर निवासी धर्मेंद्र गौड़ चला रहे थे। उनके साथ राहुल, उमेश, अखिलेश, दीपक, राना और एक अन्य व्यक्ति सवार थे।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सेमरा अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया।
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष प्रेमचंद ग्रामीणों के मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया और नहर में गिरी क्षतिग्रस्त कार को बाहर निकलवाया। उन्होंने बताया कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।राहत की बात यह रही कि भीषण हादसे के बावजूद कार में सवार सभी सात लोगों की जान बच गई।
