इसरार अहमद जिला संवाददाता अम्बेडकरनगर
बहू-बेटी अभियान के तहत ग्रामीणों को किया जागरूक
अम्बेडकरनगर। कटका थाना क्षेत्र के ग्राम बीबीपुर में जनपद पुलिस की ओर से चलाए जा रहे बहू-बेटी अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को बहू-बेटियों के सम्मान सुरक्षा समानता एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करते हुए परिवार और समाज में महिलाओं को बराबरी का दर्जा देने की अपील की।पुलिस कर्मियों ने कहा कि बहू हो या बेटी दोनों परिवार की गरिमा और खुशहाली का आधार हैं। बेटियों को शिक्षित करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा बहू को भी परिवार का अभिन्न हिस्सा मानकर सम्मान देने की जरूरत है। इस दौरान ग्रामीणों को दहेज प्रथा महिला उत्पीड़न भेदभाव और अत्याचार जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित पुलिस की ओर से उपलब्ध सहायता और जागरूकता संबंधी संदेश भी ग्रामीणों तक पहुंचाया गया। पुलिस टीम ने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार और सुरक्षित वातावरण तैयार करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, शिक्षित बेटी और सशक्त बेटी की सोच को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया जागरूकता कार्यक्रम में उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह हेड कांस्टेबल उदय प्रताप सिंह महिला आरक्षी विनम्रता मिश्रा एवं संध्या यादव मौजूद रहे। पुलिस टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि बहू-बेटी के बीच किसी प्रकार का भेदभाव न किया जाए और दोनों को समान सम्मान अवसर एवं अधिकार दिए जाएं।
