Etawah News: जसवंतनगर के ग्राम टकपुरा में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शुभारंभ
विशाल कलश यात्रा के साथ भक्तिमय हुआ गांव, अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित शिवाकान्त जी महाराज ने किया भागवत महात्म्य का वर्णन
रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर/इटावा। क्षेत्र के ग्राम टकपुरा में मंगलवार को सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के शुभारंभ अवसर पर सौभाग्यवती महिलाओं द्वारा विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कलश यात्रा के दौरान पूरा गांव भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में सराबोर नजर आया।
कथा के प्रथम दिवस अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित शिवाकान्त जी महाराज ने श्रीमद् भागवत महापुराण के महात्म्य का वर्णन करते हुए कहा कि अनेक जन्मों के पुण्य उदय होने पर ही मनुष्य को भागवत कथा श्रवण का सौभाग्य प्राप्त होता है। श्रीमद् भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शन है।

महाराज श्री ने कहा कि कलियुग में भगवान की भक्ति, भागवत कथा का श्रवण और हरिनाम संकीर्तन ही मानव जीवन के कल्याण का श्रेष्ठ मार्ग है। उन्होंने ब्रज की गोपियों के प्रेम और भक्ति का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक कार्यों के साथ भगवान का स्मरण करना चाहिए। भगवान के नाम का स्मरण मनुष्य के जीवन को पवित्र और सार्थक बनाता है।
1 दिसंबर तक चलेगी कथा
ग्राम टकपुरा में आयोजित यह श्रीमद् भागवत कथा 25 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक चलेगी। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। कथा के प्रधान आयोजक हनुमान टेकरी, वृंदावन के महंत श्री दशरथ दास जी महाराज हैं। कथा की व्यवस्थाओं का दायित्व श्री राजेश्वर दास जी महाराज संभाल रहे हैं। महावीर प्रसाद सहित अनेक श्रद्धालु आयोजन में सहयोग कर रहे हैं।
सात दिवसीय इस पावन आयोजन में आसपास के क्षेत्रों सहित दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। भागवत कथा के आयोजन से ग्राम टकपुरा सहित आसपास के क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है।
