Etawah News: चातुर्मास कलश स्थापना समारोह संपन्न,
चार माह तक बहेगी धर्म-ज्ञान की अनवरत गंगा
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर। परम पूज्य मुनि श्री 108 भावसागर महाराज के चातुर्मास वर्षायोग का कलश स्थापना समारोह रविवार सायंकाल श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर प्रांगण में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर जैन समाज के श्रद्धालुओं ने कलश स्थापित कर गुरुदेव से चार माह तक नगर में धर्म, ज्ञान और अध्यात्म की गंगा प्रवाहित करने का निवेदन किया।श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मुनि श्री के सान्निध्य में होने वाले प्रवचन, स्वाध्याय और धार्मिक आयोजनों से समूचे समाज का आध्यात्मिक कल्याण होगा। चातुर्मास के दौरान स्थापित कलशों की प्रतिदिन मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी तथा वर्षायोग पूर्ण होने के उपरांत श्रद्धालु इन्हें अपने घरों में स्थापित करेंगे।कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण, मंत्रोच्चार एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ। महेशचंद जैन, पंकज जैन नीरज जैन ने ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात आचार्य श्री 108 शांतिसागर महाराज के चित्र का अनावरण भट्टारक सौरभ सेन जी द्वारा किया गया। विनोद जैन एवं विनीत जैन परिवार ने दीप प्रज्ज्वलित किया

गुरुदेव मुनि श्री 108 भावसागर महाराज का पाद प्रक्षालन अनीता जैन एवं रजत जैन परिवार, लुधुपुरा द्वारा किया गया। वहीं लीलावती, कुमदेश, विनोद एवं मनोज परिवार ने भोजन व्यवस्था में सहयोग प्रदान कर गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मंगल गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। चातुर्मास के प्रथम कलश का सौभाग्य नलिन, अनिल एवं नितिन जैन को प्राप्त हुआ। द्वितीय कलश रोहित जैन ‘फड्डू’, तृतीय कलश मनोज प्रखर जैन, चतुर्थ कलश आशीष जैन तथा पंचम कलश राजकमल जैन द्वारा स्थापित किया गया।

गुरुदेव को नवीन पिच्छी अर्पित करने का सौभाग्य अतुल गुप्ता ‘लाला भट्टा’ को प्राप्त हुआ। उन्होंने भक्तिभाव एवं उत्साह के साथ नृत्य करते हुए गुरुदेव को पिच्छी समर्पित की। संपूर्ण कार्यक्रम संगीतमय एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अहमदाबाद से पधारी उषा दीदी ने कहा कि मुनि श्री भावसागर महाराज अत्यंत सरल हृदय, विद्वान एवं योगी संत हैं। उन्होंने शिखरजी में अनेक मुनियों को अध्ययन कराया है। आगम आधारित उनका स्वाध्याय तथा जैन धर्म के सिद्धांतों पर उनकी गहन व्याख्या अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक है।
अपने प्रवचन में मुनि श्री भावसागर महाराज ने कहा, “मैं यहां किसी मंदिर या धर्मशाला का निर्माण कराने नहीं आया हूं। मेरा उद्देश्य जैन को जैन से जोड़ना है। मैं यहां आत्मा को परमात्मा से मिलाने का माध्यम बनकर आया हूं। यदि समाज धर्म, स्वाध्याय और आत्मचिंतन से जुड़ेगा तो जीवन का वास्तविक कल्याण संभव होगा।”
